श्रम शक्ति ही राष्ट्र की उन्नति का आधार : सुशील झुनझुनवाला

- अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर रोटरी क्लब विंध्याचल ने किया श्रमिकों का सम्मान

मीरजापुर, 01 मई (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर बुधवार को रोटरी क्लब विंध्याचल ने नगर के घंटाघर प्रांगण में श्रमिक सम्मान समारोह का आयोजन किया। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित राजगीर मिस्त्री, पीतल बर्तन कारीगर, रिक्शा चालक एवम मजदूरों को गमछा, टोपी, पानी की बोतल, बिस्किट, चाभी रिंग और कलम आदि भेंट कर सम्मानित किया।

संस्था अध्यक्ष सुशील झुनझुनवाला ने कहा कि श्रमिकों की श्रम शक्ति ही राष्ट्र की उन्नति का आधार है, जहां देश के लिए बड़े-बड़े बांध, पुल, ऊंची गगनचुंबी इमारतें, लाखों किलोमीटर सड़कें बनाने वाले श्रमिक राष्ट्र की उन्नति में सहायक हैं, वहीं कल-कारखानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रमिक राष्ट्र के उद्योगों को गति प्रदान करते हैं। रोटरी क्लब विंध्याचल श्रमिक भाइयों का सम्मान कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

इस दौरान आफाक अहमद, उदय गुप्ता, श्रीगोपाल सोनी, अनुराग जायसवाल ,डॉ अमित केसरवानी, अमित सिंह, जयप्रकाश गुप्ता, शैलेन्द्र रस्तोगी, मनोज अग्रवाल, संदीप कुमार जायसवाल, रोहित श्रीवास्तव, रामेश्वर मिश्र आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/राजेश

   

सम्बंधित खबर