तृणमूल उम्मीदवार देव के हेलीकॉप्टर में लगी आग, बाल-बाल बचे

मेदिनीपुर, 03 मई (हि.स.)। घाटाल संसदीय सीट से तृणमूल उम्मीदवार और अभिनेता देव तृणमूल के लिए चुनाव प्रचार में पूरे राज्य का दौरा कर रहे हैं। शुक्रवार को यात्रा करते समय उनके हेलीकॉप्टर में अचानक आग लग गई। हालांकि इस घटना में देव को कोई नुकसान नहीं हुआ।

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को मालदह के रतुआ से चुनाव प्रचार के बाद मुर्शिदाबाद जाने के दौरान देव के हेलीकॉप्टर में यांत्रिक गड़बड़ी के कारण हेलिकॉप्टर को मालदह हेलीपैड पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। उड़ान भरते ही हेलीकॉप्टर में धुआं भर गया था। सूत्रों के मुताबिक यह घटना मालदह से उड़ान भरने के दस मिनट के भीतर हुई।

घटना के बाद देव ने कहा कि मैं बाल-बाल बच गया। यह घटना हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने के दस मिनट बाद हुई। सूत्रों के मुताबिक, देव के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी की जानकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी दी गई है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने इस संबंध में देव से भी बात की है।

चुनाव प्रचार के लिए उन्हें कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी। भीषण गर्मी के बावजूद वे राज्य भर में प्रचार कर रहे हैं। शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के बाद शनिवार को उनका उत्तर बंगाल दौरा होने वाला है। हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा

   

सम्बंधित खबर