पौधरोपण जागरूकता रैली के साथ निकलेगी पौधों की बारात

बच्चों के साथ लोगों को जागरूक करते  मंडलायुक्त

पर्यावरण संरक्षण यज्ञ वेदी में जनपदवासी 95 लाख से अधिक पौधरोपण कर देंगे आहुति

वृक्ष है तो जीवन है, के साथ 5-5 पौधे लगाने की मण्डलायुक्त ने की अपील

झांसी,03 जुलाई(हि. स.)। भगवन्तपुरा स्थित मेजर ध्यान चंद नगर वन में वन महोत्सव के अंतर्गत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय भगवंतपुरा के ढेरों बच्चों के साथ मौलश्री और महोगनी का पौधरोपण कर पर्यावरणी संचेतना का संदेश दिया। वन महोत्सव कार्यक्रम के इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्थानीय स्कूली बच्चों के साथ महोगनी का पौधरोपण कर एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ करते हुए धरती का शृंगार किया।

प्रभागीय वनाधिकारी जेबी शेन्डे ने जनपद में वन महोत्सव को फ़ोन करो के अंतर्गत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वन विभाग एवं अन्य विभागों द्वारा जनपद में 1 जुलाई से कुल 95 लाख से अधिक पौधरोपण किया जाएगा। जनपद में 4999 पौधरोपण स्थलों में विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं, संगठनों एवं जनपदवासियों द्वारा पौधरोपण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा कम्पोजिट विद्यालयों में बाल वन,युवा वन, जनपदस्तरीय ग्रामसभा में शक्ति वन की स्थापना की जा रही है। पौधरोपण में आम, जामुन, नीम, पीपल, बरगद, पाकड़, सहजन, सागवन, शीशम, चिलबिल आदि फलदार व उपयोगी वृक्ष लगाये जा रहे हैं। उन्होंने पौधरोपण जागरूकता अभियान के अंतर्गत 04 जुलाई को प्रभागीय वन कार्यालय से पौधों की बारात रैली के आयोजन की जानकारी दी। मण्डलायुक्त ने स्कूली बच्चों के साथ पौधरोपण करते हुए मानव जीवन में वृक्षों की उपयोगिता व प्रासंगिकता पर बल देते कहा कि कोविड संकट काल में आक्सीजन की कमी से त्राहिमाम करती जनता को यह सबक मिली, वृक्ष है तो जीवन है। इस लिए पौधरोपण के साथ-साथ हमें उन्हें बचाने पर भी सजग होना पडे़गा। उन्होंने उपस्थित स्कूली बच्चों सहित समस्त अधिकारियों से से 5-5 वृक्ष लगाने निवेदन करते हुए उनकी देख-रेख पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि जब होगी, पेड़ पौधों की बढ़त, तभी होगी जीवन की बढ़त। जिलाधिकारी ने साँसें हो रहीं कम आओ पेड़ लगाएं हम थीम पर वन महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर जन सामान्य से एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील की करते हुए पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ, जन अभियान- 2024 के तहत मेजर ध्यान चंद नगर वन भगवन्तपुरा में स्कूली बच्चों संग पौधरोपण किया। प्रकृति के प्रति सकारात्मक रवैये को लेकर सभी को ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने एवं वातावरण के लिए खतरनाक प्लास्टिक जैसे कई पदार्थों का उपयोग बंद करने के लिए जागरूक किया गया तथा पौधे लगाकर इस महाअभियान को सफल बनाने की अपील की। कार्यक्रम में विनोद कुमार, उप प्रभागीय वनाधिकारी, आरएन यादव, क्षेत्रीय वन अधिकारी, तेज प्रकाश उप क्षेत्रीय वन अधिकारी, अमित शर्मा वनदरोगा, प्रद्युम्न सिंह भदौरिया, वनदरोगा, महेश यादव, वनदरोगा, मनोज श्रीवास वनरक्षक, पुष्पेन्द्र श्रीवास वनरक्षक, कु पूजा वनरक्षक, कु मनीषा वनरक्षक व अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/सियाराम

   

सम्बंधित खबर