जीवदानी माता का दर्शन कर महायुति उम्मीदवार डॉ. हेमंत सावरा ने शुरू किया चुनाव प्रचार

मुंबई, 5 मई, (हि. स.)। पालघर लोकसभा सीट से महायुति के उम्मीदवार हेमंत विष्णु सावरा ने रविवार, 5 मई को पालकमंत्री रविन्द्र चव्हाण, प्रदेश सचिव रानी द्विवेदी और महायुति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में विरार स्थित जीवदानी माता का दर्शन कर जनसंवाद प्रचार यात्रा का शुभारंभ किया। रविवार का दिन होने के चलते बड़ी संख्या में भक्त जीवदानी माता के दर्शन के लिए आए हुए थे। इस दौरान दर्शनार्थियों ने जय श्री राम, अबकी बार 400 पार और फिर एक बार मोदी सरकार के नारे लगाकर उम्मीदवार डॉ. हेमंत सावरा का समर्थन जाहिर किया।

भाजपा वसई-विरार जिला प्रचार प्रमुख मनोज बारोट ने बताया कि जनसंपर्क यात्रा का प्रारंभ सुबह 10 बजे से किया गया। यात्रा के दौरान डॉ. हेमंत सावरा ने विरार पूर्व के कोपरी, नारंगी, घोपचर पाड़ा, महानगरपालिका, वरद विनायक लेन, जिवदानी रोड, सहकार नगर, फूलपाड़ा, आर.जे. नाका, नाना-नानी पार्क और मनवेल पाड़ा परिसर के करीबन डेढ़ लाख मतदाताओं के बीच जाकर संपर्क और संवाद कर आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रचार यात्रा के शुभारंभ के दौरान पालकमंत्री रविंद्र चव्हाण, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश सचिव रानी द्विवेदी, लोकसभा संयोजक नंदकुमार पाटिल, सह संयोजक राजन नाईक, जिला अध्यक्ष महेंद्र पाटिल एवं भरत राजपूत, शिवसेना जिला प्रमुख निलेश तेंडोलकर, सुदेश चौधरी, नवीन दुबे, आरपीआई अध्यक्ष ईश्वर धुले, मनसे तालुका प्रमुख प्रफुल ठाकुर, वसई विधनसभा प्रमुख मनोज पाटिल, बोईसर विधानसभा प्रमुख विलास तरे सहित महायुति के सभी प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में पालघर सीट के लिए 20 मई को वोटिंग होनी है। इस सीट पर महायुति से भाजपा उम्मीदवार हेमंत सावरा, महाविकास आघाडी से शिवसेना (उद्धव) की प्रत्याशी भारती कामड़ी और बहुजन विकास आघाडी (बविआ) से बोईसर के विधायक राजेश पाटील चुनाव मैदान में हैं।

हिन्दुस्थान समाचार

   

सम्बंधित खबर