देश के लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है लोकसभा 2024 : अविनाश पाण्डेय

कानपुर, 08 मई (हि.स.)। यह चुनाव सिर्फ आम लोकसभा चुनाव नहीं है। यह दो विचारों को लड़ाई है। यह लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। भाजपा के 400 पार की नियत जनता जान चुकी है। वह देश के लोगों को मिले वोट के अधिकारों को छिनना चाहती है। यह बातें बुधवार को कानपुर पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रभारी उत्तर प्रदेश अविनाश पाण्डेय ने कही।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने बुधवार को इंडी गठबंधन के लोकसभा क्षेत्र अकबरपुर एवं कानपुर नगर के कांग्रेस और सपा व आप पार्टी, बुन्देलखण्ड क्रांति दल, शिवसेना, जनअधिकार पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी सहित अन्य सहयोगी दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बैठक की। इंडी गठबंधन के अकबरपुर लोकसभा प्रत्याशी राजाराम पाल और कानपुर लोकसभा प्रत्याशी आलोक मिश्रा को जिताने के लिए महतवपूर्ण सुझाव दिए।

अविनाश पांडे ने कहा कि मैं जननेता राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के संदेश को लेकर आया हूं। राहुल गांधी द्वारा देश के लोकतंत्र को बचाने व देश की एकता भाईचारा को पुनर्स्थापित करने के लिए 10700 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा एवं भारत जोड़ो न्याय यात्रा के महत्व को बताया।

इंडी गठबंधन की सरकार बना रही है जनता

अविनाश पांडे ने कहा कि यह जनता के अधिकारों को बचाने का चुनाव है। वंचितों का आरक्षण और बच्चों का भविष्य बचाने का चुनाव है। आज इसीलिए संविधान को मानने वाले सभी नेता चाहें राहुल गांधी हों, अखिलेश यादव हों या अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी सभी नेता आज देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए साथ हैं। देश का 63 प्रतिशत तो वोट बीजेपी के खिलाफ है, आज वह वोट जो अलग-अलग बटा हुआ था सब एक साथ आ गया है। भाजपा का सूपड़ा साफ होने जा रहा है, जनता इंडी गठबंधन की सरकार बनाने जा रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार 10 साल की एक उपलब्धि नहीं बता पा रही है और आज जनता भाजपा को हरा रही है। इसलिए बीजेपी नेता हताश होकर उलूल जुलूल, जिनका जनता से कोई मतलब नहीं है बयान दे रहे हैं।

महिलाओं को मिलेगा एक लाख रुपया

अविनाश पाण्डेय ने कहा कि न्याय पत्र में हमने वादा किया है है कि 2024 में कांग्रेस इंडी गठबंधन सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ किया जायेगा और अग्निवीर योजना को तुरंत रद्द किया जायेगा। इसके साथ ही पुरानी स्थायी भर्ती प्रक्रिया फिर से लागू होगी। देश की आधी आबादी महिलाओं के प्रत्येक गरीब परिवार की एक महिला को एक लाख रुपये मिलेंगे और सरकारी नौकरी में 50 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। कांग्रेस जातीय जनगणना भी कराएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर