लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में भाजपा ने बंगाल में झोंकी ताकत, केंद्रीय मंत्रियों की 10 सभाएं

कोलकाता, 09 मई (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के लिए चौथे चरण के मतदान के लिए भाजपा ने पश्चिम बंगाल में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को सूबे में केंद्रीय मंत्रियों की 10 बड़ी जनसभाएं होनी हैं। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के अलावा त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मानिक साहा शामिल हैं।

प्रदेश भाजपा की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की तीन जनसभाएं होनी हैं। इनमें से राणाघाट के मजिदिया, रामपुरहाट और आसनसोल में रोड शो होना है। जबकि हिमंत बिस्व सरमा की सभा हुगली के बालागढ़, बैरकपुर और कृष्णानगर में होनी है। अश्विनी वैष्णव जादवपुर में रोड शो करेंगे और उनकी दूसरी जनसभा खड़गपुर में होनी है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा दमदम में रोड शो करने वाले हैं।

जिन सीटों पर इन नेताओं की जनसभा होनी है वे भाजपा के लिए हॉटस्पॉट हैं। पार्टी ने यहां अपने उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत लगाई है।

हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा/संजीव

   

सम्बंधित खबर