किसानों का सपना साकार कर रही भाजपा सरकार: भूपेन्द्र सिंह चौधरी

बस्ती,10 मई (हि.स.)। भारतीय जनता के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को कप्तानगंज में किसानों से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसान भाइयों के सपने को साकार कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने किसान उत्थान एवं जनकल्याण को समर्पित डबल-इंजन की भाजपा सरकार द्वारा उनके हितों में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए बस्ती लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हरीश द्विवेदी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।

किसानों को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि लोकसभा का बिगुल बज चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के साथ एनडीए गठबंधन जनता के बीच है। उत्तर प्रदेश की सभी अस्सी सीटें एनडीए गठबंधन जीतने जा रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में सुशासन के दम पर योगी के नेतृत्व में हमारी सरकार बनी। हमारी सरकार बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा और आम नागरिकों के हित को ध्यान में रखकर बगैर किसी भेद भाव के काम करती है। हमारी सरकार भाई भतीजावाद से दूर सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास को आधार बनाकर कार्य करती है।

श्री चौधरी ने कहा कि सपा सरकार में अराजकता की पराकाष्ठा थी योगी की सरकार आने के बाद पूरे प्रदेश में अमन और चैन कायम हुआ है। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा व कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन पिछड़ों और अनुसूचित वर्ग के आरक्षण को मुसलमानों को देना चाहता है। इंडी गठबंधन अराजकता, गुण्डागर्दी, अपराधीकरण, आतंकवाद फैलाने वालों का समर्थक है।

श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार गरीब, किसान, युवा व महिलाओं के जीवन स्तर आर्थिक व सामाजिक रूप से खुशहाल बनाने के लिए समर्पित रही है। आगामी 5 वर्ष देश को विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाने के साथ ही देशवासियों की आर्थिक सम्पन्नता के लिए समर्पित रहेंगे। यह मोदी जी की गारंटी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया की घर-घर जाकर मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/मोहित

   

सम्बंधित खबर