उमा भारती को भाजपा ने उपयोग के बाद खाली दोने की तरह फेंका : लोधी साधना भारती

पत्रकारों से वार्ता करती कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता

भाजपा इस बार 150 से कम सीटों पर सिमट जाएगी

झांसी,12 मई(हि.स.)। इंडिया गठबंधन के झांसी ललितपुर संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी प्रदीप जैन के समर्थन में जन सभाओं को संबोधित करने झांसी पहुंची पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता लोधी साधना भारती ने कहा कि भाजपा इस बार 150 से कम सीटों पर सिमट जाएगी। भाजपा पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि वोट लेकर जनता को भूल जाना भाजपा का मुखौटा है। कहा कि उमा भारती को भाजपा ने उपयोग के बाद खाली दोने की तरह फेंक दिया है। वह उनकी बड़ी बहन हैं।

रविवार को कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता लोधी साधना भारती ने पत्रकार वार्ता के दौरान उमा भारती, मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व महिलाओं का बड़ा शुभचिंतक बताते हुए कहा कि प्रदीप जैन को भारी जन समर्थन मिल रहा है। उनकी जीत होगी साथ ही इंडिया गठबंधन केंद्र में सरकार बनाने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का जाति के नाम पर वोट लेकर उन्हें भूल जाना यह मुखौटा सबसे सामने आ गया है। जनता इसका जबाव देगी। उन्होंने कहा की इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी प्रदीप जैन आदित्य नेता नहीं समाजसेवी है। वह जानता से जुड़े हुए हैं। हर किसी के साथ उसके दुख की घड़ी में खड़े होने वाले प्रत्याशी है। इसलिए झांसी ललितपुर क्षेत्र में प्रदीप जैन को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। इस अवसर पर उनके साथ जिलाध्यक्ष सरला भदौरिया समेत तमाम महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

गिनवाए घोटाले और वादे

उन्होंने कहा कि भाजपा में देश की आजादी के बाद से अब तक सबसे बड़ा घोटाला इलेक्ट्रोलर घोटाला हुआ। महिला उत्पीड़न मामले, बेरोजगारी बढ़ी, महंगाई बढ़ी आदि मुद्दों को लेकर जनता ने इंडी गठबंधन की सरकार बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन सत्ता में आई तो हर महिला को एक लाख रुपया, युवा बेरोजगारों को एक लाख रूपया सालाना, महंगाई पर रोक,व सबसे पहले जातिगत जनगणना कराएंगे। एससी एसटी ओबीसी सभी को उनका हक दिलाएंगे, महिलाओं को पचास प्रतिशत आरक्षण दिलाएंगे।

लोधी वोट के लिए उमा भारती का किया उपयोग

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सरकारी तंत्रों सीबीआई, ईडी आदि का दुरुपयोग किया है। विपक्ष के नेताओं को जेल भेजा इसका हिसाब जनता लेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा को लोधी वोट चाहिए था। इसलिए उमा भारती का उपयोग किया और अब उन्हे खाली दोने की तरह यूज करके फैंक दिया है। उन्हें न तो केंद्र में और न ही प्रदेश में कोई स्थान दिया। पूछे जाने पर उन्होंने उमा भारती को अपनी बड़ी बहन बताया।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/राजेश

   

सम्बंधित खबर