नवसारी के दांडी समुद्र में लापता हुए 4 लोगों का शव मिला

-माता और दो पुत्रों के साथ एक अन्य रिश्तेदार की मौत

नवसारी, 13 मई (हि.स.)। नवसारी के दांडी के समीप समुद्र की लहरों में 4 लापता लोगों का शव सोमवार सुबह बरामद हुआ है। इनमें माता समेत दो पुत्र और एक अन्य रिश्तेदार हैं, जिनकी मौत हो गई। रविवार की घटना में कुल 7 लोग समुद्र की लहरों में बह गए थे, इनमें 3 लोगों को स्थानीय पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने बचा लिया था। जबकि 4 लोग लापता हो गए थे।

रविवार की छुट्टी मनाने नवसारी समेत अन्य जिलों के बड़ी संख्या में लोग दांडी समुद्र किनारे पहुंचे थे। लोग समुद्र में नहाने का लुत्फ उठा रहे थे, इसी बीच समुद्र की तेज लहरों में तीन अलग-अलग परिवार के 7 लोग बह गए थे। समुद्र किनारे मौजूद लोगों ने उन्हें डूबता देखा तो शोर मचाने लगे। समुद्र के आसपास पुलिस, होमगार्ड के जवान समेत अन्य तैराकों ने पानी में डूब रहे लोगों को बचाने की कोशिश की जिसमें 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अन्य लोगों के गहरे पानी में जाता देख उनकी खोजबीन शुरू की गई। स्थानीय प्रशासन समेत फायर ब्रिगेड के जवान भी मौके पर पहुंच कर बचाव में जुट गए थे। समुद्र से तीन लोगों विपुल हलपति, राकेश और अतिश को डूबने से बचा लिया गया था। जबकि 4 लोग लापता हो गए थे।

सोमवार सुबह मिला 4 लोगों का शव

दांडी के समुद्र में लापता हुए एक ही परिवार के 4 लोगों का शव सोमवार सुबह मिला। करीब 14 घंटे की जद्दोजहद के बाद तैराकों ने शवों को ढूंढ़ा। मरीन कमांडो और फायर विभाग ने पूरी रात लापता लोगों की तलाश की। सोमवार सुबह 4 बजे सुशीला और उसके पुत्र युवराज का शव अलग-अलग जगहों से मिला। बाकी के दो शव मिल गए। शव फार्म हाउस और आश्रम के पीछे किनारे से मिले। मृतकों में नवसारी निवासी सुशीलाबेन (माता), युवराज (पुत्र,20), देशराज (पुत्र, 15) और राजस्थान से आई बहन की बेटी दुर्गा (17) की मौत हो गई। इन चारों का शव बरामद कर लिया गया है।

एक परिवार के चार की मौत

चार मृतकों में एक माता सुशीला और उनके दो पुत्र युवराज और देशराज है। चौथी युवती सुशीला की बहन की बेटी दुर्गा है, जो राजस्थान से घूमने आई थी। परिवारजन के अनुसार मृतक दोनों लड़कों में से एक युवराज राजस्थान में कक्षा 12वीं में पढ़ता था। उसका परिणाम 70 फीसदी आया है। छोटा भाई देशराज इस साल 10वीं में आया था। परिवार बहुत ही गरीब था और गोपालभाई किराने की दुकान चलाते हैं। बालकों का माता-पिता के प्रति बहुत ही लगाव था।

चेतावनी बोर्ड लगाना जरूरी : पूर्व सरपंच

दांडी के पूर्व सरपंच परिमल पटेल ने कहा कि अभी दरिया में बहुत अधिक ज्वार है। ज्वार के पानी में पर्यटक अंदर तक चले जाते हैं। इन लोगों को पानी का ख्याल नहीं आता है। घटना का कारण भी ज्वार का पानी है। प्रशासन को यहां एक बोर्ड लगाकर लोगों को चेतावनी देनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद

   

सम्बंधित खबर