भाजपा की चुनावी रणनीति, गांवों के बूथ को मजबूत करेगा गांव चलो अभियान

-10 और 11 फरवरी को राज्य भर में महाअभियान, मुख्यमंत्री भी गांव में रहेंगे 24 घंटे

अहमदाबाद, 9 फरवरी (हि.स.)। पिछले दो लोकसभा चुनावों में गुजरात की सभी 26 सीटों पर कब्जा जमाने वाली भाजपा इस बार भी कोई कसर नहीं छोड़ेगी। शहरी बूथों के साथ पार्टी अब गांव की बूथों को मजबूत करने 10 और 11 फरवरी को गुजरात में गांव चलो अभियान चलाएगी। इसके तहत मुख्यमंत्री से लेकर अनेक वरिष्ठ नेता गांव में 24 घंटे बिताएंगे। इस दौरान बूथ मजबूत करने के कई तौर-तरीके अपनाए जाएंगे।

लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने राज्य की सभी 26 सीटों पर 5 लाख वोट के अधिक अंतर से जीतने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने पिछले गुजरात विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 182 सीटों का जीतने का संकल्प व्यक्त किया था। इस लक्ष्य को हासिल करने में पार्टी काफी हद तक सफल भी रही और अब तक की सबसे बड़ी जीत 156 सीट जीत पाई। इस बार लोकसभा चुनाव में भी प्रदेश अध्यक्ष ने 26 सीटों पर बड़े अंतर से जीत का लक्ष्य तय किया है।

भाजपा ने राज्य की सभी 26 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा से पूर्व चुनाव कार्यालय खोल कर लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा ने गांव चलो अभियान के तहत प्रदेश के संगठन पदाधिकारियों के साथ राज्य सरकार के मंत्रियों के लिए भी गांवों में रात्रि विश्राम की रणनीति बनाई है। इसके तहत राज्य के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल 10 फरवरी को बनासकांठा जिले के जलोत्रा गांव में दोपहर बाद किसी कार्यकर्ता के घर जाकर भोजन कर वहां रात्रि विश्राम करेंगे। यहां वे छोटी-बड़ी बैठक कर कार्यकर्ताओं को केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे।

इसके अलावा सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में अपने मूल बूथ को छोड़ कर कार्यकर्ता दूसरे बूथों पर रात्रि में रुकेंगे। पार्टी की ओर से सौंपे गए ग्रामीण या शहरी बूथ पर वे 24 घंटे बिताएंगे। इस तरह 29165 प्रवासी कार्यकर्ताओं और 27535 संयोजकों को मिलाकर कुल 56700 कार्यकर्ता गांव चलो अभियान के अंतर्गत 41 जिला/महानगरों में जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर