जम्मू-कश्मीर में 14 मई से मुख्य रूप से शुष्क मौसम की संभावना

जम्मू, 13 मई (हि.स.)। 14 मई से मुख्य रूप से शुष्क मौसम की संभावना के बीच जम्मू-कश्मीर में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि सोमवार को कुछ स्थानों पर छिटपुट हल्की से बहुत हल्की बारिश और 20 से 30 किलोमीटर की तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है, 14-18 मई तक मुख्य रूप से शुष्क मौसम की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि 19 मई को आम तौर पर बादल छाए रहने और दोपहर के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश/गड़गड़ाहट की संभावना है। उन्होंने कहा कि 20-23 मई तक आम तौर पर शुष्क मौसम रहने की उम्मीद है।

इसी बीच पिछले दिनों हुई बारिश के कारण सुहावने मौसम के बाद सोमवार सुबह से ही तेज धूप के कारण दिन में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। पैदल चल रहे राहगिरों और दो पहिया वाहन चालकों के तो पसीने िनकल आए। इस दौरान ठंड़े पेय पदार्थों की बिक्री भी बढ़ गई है। दिन में बाजारों में भी लोगों की आवाजाही कम रही।

इसी बीच श्रीनगर का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस, काजीगुंड में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज, पहलगाम में तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस, कोकरनाग में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा शहर में 6.2 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

जम्मू में न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस, बटोत में 10.6 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/सुमन/बलवान

   

सम्बंधित खबर