भारत के मातृ शक्ति की शौर्य गाथा पूरा विश्व जानता है : प्रतिभा शुक्ला

प्रयागराज, 13 मई (हि.स.)। फूलपुर लोकसभा का महिला मोर्चा सम्मेलन सोमवार को केंद्रीय चुनाव कार्यालय जार्ज टाउन क्लब में सम्पन्न हुआ। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि महिला शक्ति आज किसी से कम नहीं है। महिलाओं को सशक्त करने का काम अगर कोई कर रहा है तो वह नरेंद्र मोदी हैं। मोदी एक ऐसे भाई हैं जो अपनी बहनों के मान सम्मान के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के मातृ शक्ति की शौर्यगाथा पूरा विश्व जानता है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जैसा भाई हम बहनों को मिला यह हमारा भाग्य है। आज महिलाएं चौके से चौपाल पर आ गई हैं। पहले बेटी के पैदा होते ही उसके शादी की चिंता माता-पिता को सताती थी। नरेंद्र मोदी ने इस सोच को बदला और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की सोच विकसित की। आज उत्तर प्रदेश में योगी सरकार में महिला खुद को सुरक्षित महसूस करती है। भाजपा को इस ऊंचाई पर ले जाने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म सभी को साथ लेकर चलने सभी का सम्मान करने का संदेश देता है। आधी आबादी के शत-प्रतिशत मतदान के लिए महिला मोर्चा को युद्धस्तर पर लगना होगा। महिला मोर्चा ने हमेशा संगठनात्मक स्तर पर अपनी योग्यता सिद्ध की है। अब समय है कि एक बार फिर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेकर चुनाव अभियान में लग जाएं।

-एक सांसद नहीं भाई के रूप में रहूंगा : प्रवीण पटेल

फूलपुर प्रत्याशी प्रवीण पटेल ने कहा कि पिछली सरकारों ने महिलाओं को सिर्फ घर तक सीमित कर दिया था। नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद उन्हें सशक्त बनाने का अभियान चला और आज मातृशक्ति का गांव से लेकर देश व समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिख रहा है। योगी सरकार ने कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करके महिलाओं को मान सम्मान दिलाने का काम किया है। प्रयागराज विकास का मॉडल बन रहा है। आज महिलाएं खुद कहती हैं कि मोदी ने जो काम किया है वो पहले किसी सरकार ने नहीं किया। अंत में कहा कि मैं एक सांसद नहीं एक भाई के रूप में रहूंगा।

सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देकर नरेंद्र मोदी ने बेटियों के प्रति समाज की संकीर्ण सोच को बदला है। आज भ्रूण हत्या में काफी कमी आई है। लिंगानुपात में सुधार देखा जा रहा है। ये सब नरेंद्र मोदी के विजन के कारण सम्भव हो रहा है। पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने कहा कि मातृशक्ति को सम्मान देने का ऐतिहासिक काम नरेंद्र मोदी ने किया है। मातृशक्ति ने भी मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है।

मीडिया प्रभारी विवेक मिश्र ने बताया कि संचालन आभा मधुर ने एवं धन्यवाद ज्ञापन अर्चना शुक्ला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा काशी क्षेत्र ने किया। इस अवसर पर फूलपुर लोकसभा प्रभारी बालेंदु मणि त्रिपाठी, संयोजक गुरु प्रसाद मौर्य, गंगापार जिलाध्यक्ष कविता पटेल, महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा डॉ कीर्तिका अग्रवाल, शशि वार्ष्णेय, आकांक्षा शंकरा, गोल्डी पटेल, अनामिका चौधरी, एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी व निर्मला पासवान, वंदना सिंह, शिखा रस्तोगी, संगीता गोस्वामी, प्रियंका प्रदर्शनी, मीडिया प्रभारी महिला मोर्चा चंद्रा अहलूवालिया, रीता सिंंह, कल्पना राजुल शर्मा, सत्या तिवारी, अवधेश चंद्र गुप्ता, आनंद वैश्य सुदर्शन, शिवा त्रिपाठी, मीडिया प्रबंधन फूलपुर लोकसभा उमेश तिवारी एवं बड़ी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/राजेश

   

सम्बंधित खबर