यह चुनाव भारत के भविष्य को गढ़ने वाला होगा : सी टी वी रवि

-हमें कृष्ण और अर्जुन की तरह युद्ध लड़ना होगा : सी टी वी रवि

प्रयागराज, 14 मई (हि.स.)। प्रवास के दौरान आए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कर्नाटक के सी टी वी रवि ने फूलपुर एवं इलाहाबाद लोकसभा चुनाव संचालन समिति और कोर कमेटी की बैठक की। उन्होंने कहा कि लोकसभा सभा का यह चुनाव भारत के भविष्य को गढ़ने वाला चुनाव है। भारत की आत्मा सनातन संस्कृति का संरक्षण एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए भाजपा चुनाव के मैदान में खड़ी है।

मंगलवार को दोनों लोकसभा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय में उन्होंने कहा कि इस चुनावी महासमर में हमारी तैयारियों में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। हमें इस चुनावी महासमर में शल्य की तरह नहीं बल्कि श्री कृष्ण और अर्जुन की तरह युद्ध लड़ना होगा और जब तक एक-एक वोट पड़ न जाए,तब तक विश्राम नहीं करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इन 10 वर्षों के कार्यकाल में भारत की सनातन संस्कृति को परम वैभव तक पहुंचाया और धारा 370 हटाकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया और 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से मुक्त किया। उनके नेतृत्व में भारत पूरी दुनिया में विकास का मॉडल बन रहा है।

रवि ने आगे कहा कि नक्सलवाद, आतंकवाद, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी को बढ़ावा देने वाली कांग्रेस और उसके सहयोगी घटक दल देश-प्रदेश के अंदर जातिवाद, संप्रदायवाद और तुष्टीकरण के नफरत का बीज बो रहे हैं। ऐसी शक्तियों को हमें इस चुनाव में ध्वस्त कर देना है। इस अवसर पर उन्होंने लोकसभा चुनाव की दृष्टि से किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि बैठक में सांसद रीता बहुगुणा जोशी, क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी, विधायक पीयूष रंजन निषाद, इलाहाबाद लोकसभा प्रभारी मनोज जायसवाल एवं संयोजक शिवदत्त पटेल, फूलपुर लोकसभा प्रभारी बालेंदु मणि त्रिपाठी एवं संयोजक विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, गंगापार जिलाध्यक्ष कविता पटेल, यमुनापार जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति, दिलीप चतुर्वेदी, बब्बू राम द्विवेदी, पुष्पराज सिंह, पार्षद किरन जायसवाल, चुनाव संचालन समिति मीडिया प्रमुख आनंद वैश्य सुदर्शन, मधुमिता दास एवं चुनाव संचालन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर