बिहार को विकास के पथ पर लाए सुशील मोदी : शिवराम सिंह

कानपुर, 14 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से लेकर भाजपा, फिर बिहार के उप मुख्यमंत्री के तौर पर लम्बे समय तक सुशील मोदी ने काम किया। उन्होंने बिहार को विकास के पथ पर लाने में अहम भूमिका अदा की और उनकी क्षतिपूर्ति नहीं की जा सकती। यह बातें मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने सुशील मोदी को श्रद्धांजलि देते हुए कही।

केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व.सुशील मोदी के चित्र पर पुष्पांजलि कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने विद्यार्थी परिषद एवं पार्टी संगठन के लिए लंबे समय तक काम किया। सुशील मोदी जी का पूरा जीवन बिहार के लिये समर्पित रहा। बिहार को जंगलराज से बाहर निकालकर विकास के पथ पर लाने में श्री मोदी का प्रयास बहुत मददगार रहा है। उनका न होना असंख्य कार्यकताओं के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी।

इस दौरान विनोद मिश्रा, जसविंदर सिंह, सुनील नारंग, गणेश शुक्ला, मनीष त्रिपाठी, अर्जुन बेरिया, पार्षद अभिनव शुक्ला, डॉ तेजबहादुर सिंह, अंकित शर्मा, अंकुर गुप्ता, आदि मौजूद रहें।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर