भ्रम, झूठ और भ्रष्टाचार ही सपा-कांग्रेस की पहचान : भूपेन्द्र सिंह चौधरी

सत्ता में रहते गरीबों को मुफ्त राशन देने की याद क्यों नहीं आई

लखनऊ, 15 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बुधवार को कहा कि भ्रम, झूठ और भ्रष्टाचार ही कांग्रेस-सपा और इंडी गठबंधन की पहचान है। आज इनको 10 किलो राशन देने की याद आ रही है, इसका श्रेय भी मोदी की नीतियों और भाजपा सरकार को जाता है। इन्हें बताना चाहिए 70 साल शासन में रहे तब गरीबों को मुफ्त राशन देने की बात याद क्यों नही आई?

उन्होंने कहा कि लोग भूले नहीं हैं कि कांग्रेस सरकार और इनको समर्थन देने वाली सपा सरकार के समय ही बुन्देलखंड में भूखमरी के कारण कई लोगों ने आत्महत्या की थी। कांग्रेस अध्यक्ष माल्लिकार्जुन खड़गे को बताना चाहिए कि कांग्रेस सरकार ने जो बुन्देलखंड पैकेज घोषित किया था उसका क्या हुआ? बुन्देलखंड और पूर्वांचल की तस्वीर मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार में बदली है।

उन्होंने कहा कि श्री खड़गे जी शायद भूल गए हैं कि जब केन्द्र में कांग्रेस सरकार थी और राज्य खाद्यान्न घोटाला हुआ था तब उनको समर्थन देने वाले दल के ही सरकार थी। इंडी गठबंधन गरीब, युवा, महिला और अन्नदाता के विकास के लिए नहीं बल्कि परिवार के विकास की ही बात करते हैं। मोदी ने बिना भेदभाव शौचालय,आवास,बिजली कनेक्शन,हर घर जल और किसान सम्मान निधि देने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि ये संविधान की दुहाई देते हैं जबकि ओबीसी और एससी के हिस्से का आरक्षण इन्होंने धार्मिक आधार पर बाँटा है। जिसकी खिलाफत स्वयं बाबा साहेब अंबेडकर ने की थी। इन्होंने देश पर इमर्जेंसी थोपी,संविधान की धज्जियाँ उड़ाते हुए कईं बार चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त किया। उन्होंने कहा संविधान में बदलाव कर ग़रीबों, पिछड़ों और वांछितों का हक मारने का काम कांग्रेस ने ही किया है। कांग्रेस और सपा को आरक्षण और संविधान पर बोलने का हक नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर को इन्होंने चुनाव हराने का काम किया, इन्होंने उन्हें क्षण प्रतिक्षण अपमानित करने का काम किया। भाजपा के समर्थन से बनी सरकार ने बाबा साहेब को भारत रत्न दिलाया। मोदी ने उनके जीवन से जुड़े पांच स्थानों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया। कांग्रेस,सपा व इंडी गठबंधन के नेताओं को भगवान राम से नफरत है, इसलिए उन्हें राम का नाम लेने में भी दिक़्क़त है। वे राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाले लोग हैं, इनके साथ राम भक्तों पर गोली चलाने वाले लोग हैं। जनता इनके साथ नहीं है वो मोदी जी और कमल के फूल के साथ है।

उन्होंने कहा कि अबतक चार चरणों के चुनाव में भाजपा ने देश में पूर्ण बहुमत का आंकड़ा छू लिया है। विपक्षी चुनाव नहीं बल्कि आपस में ही लड़े जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/राजेश

   

सम्बंधित खबर