उप्र में हीट वेब की बढ़ी संभावना, कानपुर 42 डिग्री पहुंचा तापमान

कानपुर, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बादलों की ऊंचाई बढ़ती जा रही है और तेज धूप कहर बरपा रही है। इससे तापमान सामान्य से अधिक पहुंच गया और कानपुर में तो 42 डिग्री के पार हो गया। तापमान के बढ़ने से हीट वेब की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अब तापमान में रोजाना बढ़ोत्तरी होगी और उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है, 82° पूर्व देशांतर के साथ 25° उत्तर अक्षांश के उत्तर तक चल रही है। दक्षिणी हरियाणा और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 1.5 से 3.1 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मध्य प्रदेश के मध्य भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। असम और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि विदर्भ और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

एक ट्रफ रेखा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक से निचले स्तर पर विदर्भ तक फैली हुई है। एक परिसंचरण बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी और उससे सटे दक्षिण श्रीलंका पर औसत समुद्र तल से 4.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे श्रीलंका के ऊपर बने हुए चक्रवर्ती हवाओं के क्षेत्र से लक्षद्वीप तक फैली हुई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के 19 मई के आसपास दक्षिण अंडमान सागर, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और निकोबार द्वीप समूह में आगे बढ़ने की उम्मीद है। 17 मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इससे उत्तर प्रदेश का मौसम थोड़ा बहुत प्रभावित हो सकता है। एक दो दिन के लिए तापमान में कमी आ सकती है। इसके बाद तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी होगी और हीट वेब की स्थितियां बनी रहेंगी।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 42.4 और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 49 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 30 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 3.7 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के, ऊंचे बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं हैं। हवाओं की गति सामान्य रहने के आसार है और तापमान बढ़ने के साथ गर्मी भी बढ़ने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर