झारखंड में गठबंधन सरकार ने आदिवासियों को सिर्फ छला है : रामविचार नेताम

गिरिडीह, 16 मई (हि.स.)। भाजपा नेता एवं छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने गुरुवार को गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संसाधनों एवं वन संपदा से संपन्न राज्य है। इसके बावजूद उसे परिवारवाद ने विकास के मानक में पीछे छोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य में भोलेभाले आदिवासियों को झामुमो और उसकी गठबंधन सरकार ने सिर्फ ठगने और गुमराह करने का काम किया है। उनके विकास के लिए एक भी योजना शुरू नहीं की गई। आदिवासियों के नाम पर भ्रष्टाचार बहुत हुआ। यह सब परिवारवाद को पालने पोषने के लिए किया गया है। राज्य के मंत्री और उनके सहयोगी कमीशन के खेल में व्यस्त हैं। आदिवासी बहुल राज्य में भी आदिवासी समाज विकास की मुख्यधारा से अलग है।

भाजपा नेता नेताम ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री जेल में बंद हैं। मंत्री आलमगीर आलम भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिये गए हैं। इससे पता चलता है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी हैं। जांच एजेंसियां स्वतंत्र हैं, वह हर भ्रष्टाचारी का यही आलम करेंगी। उन्होंने कहा कि झारखंड से सटे हुए छत्तीसगढ़ में भाजपा की डबल इंजन की सरकार आदिवासियों, गरीबों, किसानों और पिछड़े वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इसके विपरीत झारखंड में जनता के हक का पैसा पिता-पुत्र और मंत्री तथा उनके सहयोगियों के कमीशन में खर्च हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में झारखंड की जनता प्रदेश की नाकारा और भ्रष्ट सरकार का बोरिया बिस्तर हमेशा के लिए बांधने का काम करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/वंदना/दधिबल

   

सम्बंधित खबर