वन्य प्राणी तेंदुए ने ग्रामीण पर किया हमला, वफादार कुत्ते ने बचाई जान

दंतेवाड़ा, 17 मई (हि.स.)। जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र के जंगल में अपने मवेशी को खोजने के लिए गए ग्रामीण हड़मा कवासी पर एक वन्य प्राणी तेंदुए ने हमला कर दिया। इस दौरान ग्रामीण के साथ गया उसका कुत्ता अपने मालिक की जान बचाने के लिए तेंदुए से जा भिड़ा, वफादार कुत्ते के हमले से तेंदुआ मौके से भाग गया। घायल अवस्था में ग्रामीण हड़मा कवासी कटेकल्याण अस्पताल में अपना इलाज कराने के लिए पहुंचा, जहां उसका उपचार जारी है।

कटेकल्याण थाना प्रभारी अर्जुन पटेल ने बताया कि दरभा थाना क्षेत्र के ग्राम पखनार चौकी क्षेत्र के तोयनार निवासी हड़मा कवासी पिता बामन कवासी (30 वर्ष) अपने मवेशी को खोजने के लिए अपने पालतू कुत्ते को लेकर आज शुक्रवार दोपहर में कटेकल्याण के जंगल की ओर गया हुआ था, इस दौरान एक वन्य प्राणी तेंदुए ने हड़मा पर हमला कर दिया। ग्रामीण के साथ गया कुत्ता अपने मालिक को लहूलुहान देख तेंदुआ से जा भिड़ा, जिसके बाद तेंदुआ मौके से भाग गया। घायल अवस्था में ग्रामीण हड़मा कवासी कटेकल्याण अस्पताल में अपना इलाज कराने के लिए पहुंचा, वहीं मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी भी आवश्यक कार्यवाही कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र

   

सम्बंधित खबर