हमसे पूछने के बजाय मुख्यमंत्री ख़ुद बताएं क्यों हो रहे हैं उपचुनाव : जयराम ठाकुर

चुनाव प्रचार के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर।चुनाव प्रचार के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर।चुनाव प्रचार के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर।चुनाव प्रचार के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर।चुनाव प्रचार के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर।

धर्मशाला, 02 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को देहरा उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन उन्होंने आधा दर्जन चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जमकर निशाना साधा। जय राम ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू हमसे पूछने की बजाय खुद बताएं कि ये उपचुनाव क्यों हो रहे हैं। क्यों उन्होंने ऐसे हालात पैदा कर दिए कि उनके अपने पार्टी के विधायक ही बगावत पर उतरने को मजबूर हुए।

जय राम ठाकुर ने कहा कि क्यों निर्दलीय विधायक के साथ ज़्यादती की और क्यों उनके परिवार जनों, सहयोगियों, मित्रों, रिश्तेदारों को सत्ता के दम पर प्रताड़ित किया गया। निर्दलीय विधायकों को हर बार सरकार का समर्थन करने के लिए क्यों बाध्य किया गया और जनहितकारी कामों को लटकाया गया।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हज़ारों की संख्या में संस्थान क्यों बंद किए। भाजपा सरकार में देहरा में खोले गए अस्पतालों और स्कूलों को क्यों डेनोटिफाई क्यों किया। आज प्रदेश में हो रहे उपचुनाव मुख्यमंत्री की तानाशाही का नतीजा है, जिसके कारण तीन निर्दलीय विधायकों ने अपनी सदस्यता से त्यागपत्र दिया।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा की देहरा के लोग देहरा के बेटे के साथ है जो दिन रात देहरा के विकास के लिए कार्यरत है। देहरा में नंदनाला पर पुल के लिये होशियार सिंह ने मुझसे मुख्यमंत्री रहते कई बार कहा। इस पुल से 25 हज़ार से ज़्यादा लोगों को राहत मिलती। भाजपा सरकार में इस पुल को स्वीकृत किया और 11 करोड़ रुपए जारी कर दिए। जब से निर्दलीय विधायकों ने इस्तीफ़ा दिया है तब से इस पुल का निर्माण कार्य रोक दिया गया है। मुख्यमंत्री को लगता है कि इस पुल के निर्माण का श्रेय होशियार सिंह को मिल जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता सब जानती हैं, होशियार सिंह ने कभी श्रेय लेने के लिए नहीं सुविधा देने के लिए काम किया है। वह आज भी वही कर रहे हैं। देहरा के लोग अपने धरतीपुत्र के साथ हैं। इस बार होशियार सिंह अपनी जीत के पुराने रिकॉर्ड तोड़ेंगे।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने स्थानीय प्रत्याशी की उपेक्षा की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने भी यहां से उपचुनाव में लड़ने की इच्छा जताई थी। लेकिन उनके साथ क्या हुआ वह पूरा प्रदेश जानता है। किस तरह से मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने आवास में बंधक बनाकर रखा और अपनी बात मनवाई। इसी तरह की तानाशाही मुख्यमंत्री निर्दलीय विधायकों के साथ भी करते थे।

राहुल गांधी द्वारा हिंदुओं को हिंसक बोलना दुर्भाग्यपूर्ण

नेता प्रतिपक्ष ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इतनी बड़ी आबादी को लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष द्वारा हिंसक कहना दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इस तरह से बहुसंख्यक समाज के प्रति सदन में की गई टिप्पणी शांति और अहिंसा परमोधर्मः की जीवन पद्धति का आचरण करने वाले हिंदू धर्मावलम्बियों का भी अपमान है। कांग्रेस द्वारा इस तरह की टिप्पणी बार-बार की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील

   

सम्बंधित खबर