पत्नी के प्रेमी ने कर दी जोनी की हत्या, चार गिरफ्तार

फिरोजाबाद, 20 मई (हि.स.)। जनपद में हुए जोनी हत्याकाण्ड का खुलासा करते हुए पुलिस ने सोमवार को उसकी पत्नी और प्रेमी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जोनी की हत्या प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों से मिलकर करायी थी।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना उत्तर के शनिदेव मन्दिर के पास 18 मई को खेत में एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान सरजीवन नगर के रहने वाले जोनी के रूप में हुई थी। इससे पहले पत्नी ज्ञान देवी ने थाना उत्तर में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

जोनी का शव मिलने के बाद भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष वैभव कुमार सिंह ने एसओजी टीम के साथ सूचना पर हत्याकांड के सम्बंध में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर हत्या में शामिल मृतक की पत्नी, जय सिंह यादव, प्रांशु और योगेश कुमार को वेंदी की पुलिया आश्रम के पास से गिरफ्तार कर लिया।

एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित जय सिंह यादव ने पूछताछ में बताया है कि वह शादी समारोह व जन्मदिन पार्टी में किराये पर डीजे लगाता है। तीन वर्ष पूर्व उसकी टूंडला स्थित एक मैरिज होम में जोनी की पत्नी ज्ञानवती जो स्वागत में फूल वर्षा कर रही थी, से पहली मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। इस दौरान दोनों के शारीरिक संबंध बने। इसकी जानकारी होने पर जोनी विरोध कर रहा था।

जोनी शराब का आदी था तो मैने प्लानिंग के तहत मक्खनपुर से हाइवे बाईपास पर चढ़कर जलेसर रोड कट से उतरकर शनिदेव मन्दिर के पास खाली खेत में ले जाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इस काम के लिए उसने प्रांशु, योगेश की मदद ली थी। हत्या के बाद शव को छिपा दिया। उसके बाद सारी बात ज्ञानवती को बता दी। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/दीपक/दिलीप

   

सम्बंधित खबर