सपा सरकार में गुंडे और अराजकता का था बोलबाला : ब्रजेश पाठक

प्रतापगढ़, 21 मई (हि.स)। प्रतापगढ़ लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संगमलाल गुप्ता के समर्थन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रानीगंज के लक्ष्मीपुर में मगंलवार को चुनावी जनसभा की। सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेता विनोद दुबे, जिला पंचायत सदस्य आदर्श दुबे ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में गुंडई और अराजकता का बोलबाला था। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई थी। रामलला मंदिर निर्माण के लिए राम भक्तों ने अपने सीने पर गोली खाई। सपा शासन काल में पूरा अयोध्या खून से रंग दिया गया। भक्तों पर गोली चलाने वाले आज राम के अस्तित्व पर सवाल खड़ा करते हैं। ऐसे लोगों को जनता जान रही है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस घोटालेबाजों की सरकार है। कांग्रेस की सरकार में पूरे देश में घोटाला पर घोटाला होता रहा। भ्रष्टाचार और घोटाला कांग्रेस सरकार की देन है। कॉमनवेल्थ घोटाला सहित तमाम भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का काम कांग्रेस ने किया।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश के साइकिल की हवा महान पार्टी ने निकाल दी है। अब वह पूरी तरह से पैदल हो गए हैं। भाजपा की सरकार ने शिक्षा, सड़क, सुशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पड़ोसी देशों के साथ विदेश नीति पर भी मजबूती से काम किया।

कार्यक्रम में विनोद दुबे ने मुकुट और फरसा प्रदान किया। सांसद संगम लाल गुप्ता, महान दल के केशव मौर्य, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, शिवाकांत ओझा, श्यामू ओझा, पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ला, पूर्व विधायक धीरज ओझा ,पूनम इंसान, विवेक उपाध्याय, आदर्श दुबे, विनोद दुबे सहित तमाम भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दो नेताओं के समर्थक आमने-सामने

लच्छीपुर में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की जनसभा में पूर्व विधायक धीरज ओझा के पहुंचने पर एक बार माहौल बिगड़ने की कगार पर पहुंच गया। विनोद दुबे और धीरज ओझा के समर्थकों ने एक दूसरे के आमने-सामने होकर नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और सीओ रानीगंज सहित भारी संख्या में पुलिस बल ने दोनों पक्षों को समझा बूझकर शांत कराया।

हिन्दुस्थान समाचार/दीपेन्द्र/दीपक/दिलीप

   

सम्बंधित खबर