रायगढ़: गांव में घुसा दंतैल हाथी, फिर एक मकान को तोड़ा, ग्रामीणों में दहशत

रायगढ़ , 2 जुलाई (हि.स.)। रायगढ़ जिला मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर की दूरी में स्थित जुनवानी गांव में मंगलवार की सुबह एक दंतैल हाथी के द्वारा एक घर को तोड़ने का वीडियो सामने आया है। इसी हाथी ने दो दिन पहले ही इसी गांव के 2 ग्रामीणों के घरों को तोड़ा था। साथ ही साथ 5 किसानों की फसलों को रौंदा था। मंगलवार की सुबह गांव में हाथी के आमद से मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बंगुरसिया-जुनवानी इलाके में बीते कुछ दिनों से 15 से अधिक की संख्या में हाथी जंगलों में विचरण कर रहे हैं। इन हाथियों के द्वारा क्षेत्र में लगातार लोगों के घरों के अलावा फसलों को नुकसान पहुचाये जाने की जानकारी अक्सर सामने आते रही है। मंगलवार की सुबह 5 बजे जुनवानी गांव के ग्रामीण अपने अपने कार्य मे व्यस्त थे। इसी बीच जंगल से चिंघाड़ते हुए एक दंतैल हाथी ने गांव में दस्तक दी। सुबह-सुबह हाथी को अचानक गांव में देखते ही अफरा-तफरी की स्थित निर्मित हो गई। इस हाथी ने एक मकान को तोड़ते हुए धान और चावल को चट किया है। साथी ही साथ तुलसी चवँरा के अलावा करुणासागर मालाकार के फसल को भी हाथी ने नुकसान पहुंचाया है।

अब दिन के उजाले में भी हाथी

गांव के ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले कई बार हाथी ने रात में ही गांव में आकर उत्पात मचाते हुए घरों एवं फसलों को नुकसान पहुंचाया था। लेकिन मंगलवार की सुबह हाथी के गांव में आ जाने से गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया था। गांव के ग्रामीण वन विभाग की टीम के साथ मिलकर हाथी को वापस जंगल में खदेड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार/ रघुवीर प्रधान

   

सम्बंधित खबर