खड़गपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मेदिनीपुर, 22 मई (हि.स.)। खड़गपुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर राव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तारकेश्वर पर पार्टी कार्यकर्ता की पिटाई का आरोप है। हालांकि, आरोपित के परिवार का दावा है कि सभी आरोप झूठे हैं। पुलिस राव को जबरन फंसा रही है।

आरोप है कि बुधवार तड़के पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर टाउन थाने की पुलिस दरवाजा तोड़कर घर में घुसी और तारकेश्वर राव को गिरफ्तार कर लिया।

उल्लेखनीय है कि 21 अप्रैल को खड़गपुर के वार्ड नंबर 18 स्थित भाजपा कार्यालय में एक पार्टी कार्यकर्ता की पिटाई का आरोप लगा था। आरोप है कि जब भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की तो उसे भी प्रताड़ित किया गया। इस घटना में तारकेश्वर राव ने भी साथ दिया था। इसी घटना की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तारकेश्वर को गिरफ्तार किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा

   

सम्बंधित खबर