बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं से गिरा पारा, बौछारें पड़ने के आसार

कानपुर, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता दिख रहा है और बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं आ रही हैं। इसके कारण आर्द्रता बढ़ रही है और तापमान गिर रहा है। हालांकि वातावरण में नमी होने से उमस भरी गर्मी से फिलहाल लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग का कहना है कि दिन के तापमान सामान्य रहेंगे और स्थानीय स्तर पर बौछारें पड़ने के आसार बने हुए हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि प्री मानसून की गतिविधियां बनना शुरु हो गई हैं। बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं उत्तर प्रदेश आना शुरु हैं। इससे दिन का तापमान लगभग सामान्य स्थिति में पहुंच गया है, हालांकि रात के तापमान सामान्य से अधिक चल रहे हैं। नम हवाओं के आने से 40 डिग्री का तापमान लोगों को 43 से 44 डिग्री का अहसास करा रहा है। ऐसे में फिलहाल लोगों को गर्मी से निजात नहीं मिलती दिख रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर बौछारें पड़ने के आसार बने हुए हैं। वहीं बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं से आसमान में बादल भी बन रहे हैं और यह बादल कहीं कहीं मेघगर्जन भी कर सकते हैं।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 40.0 और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 64 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 36 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 9.9 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। दिन के तापमान में सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर