प्रथम प्रधानमंत्री पंड़ित नेहरू की मनायी गयी पुण्यतिथि

देहरादून, 27 मई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि मनायी गयी। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पं. जवाहर लाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने नेहरू को याद करते हुए भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

माहरा ने पं. नेहरू के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पण्डित जवाहर लाल नेहरू के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान किये त्याग और योगदान पर हमें गर्व है। उन्होंने कहा कि पं. नेहरू ने पूरे विश्व में भारत के विकास का एक नया मॉडल प्रस्तुत किया था। आज भी उन्हें पूरे विश्व में मिश्रित अर्थ व्यवस्था का जनक माना जाता है। उन्होंने कहा कि पण्डित नेहरू के 12 विचार आज के भारत निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा था कि नागरिकता देश की सेवा में होती है। संस्कृति मन और आत्मा का विस्तार है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माता पं. नेहरू बहुलतावादी समाज, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय और साझा समृद्धि के लिए राष्ट्र के संसाधनों पर समान अधिकार और अवसर के पक्षधर थे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का स्मरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज हम सबको पंडित जवाहर लाल नेहरू के बताये हुए रास्ते पर चलकर देश को प्रगति की ओर ले जाने का काम करना है।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पं. जवाहर लाल नेहरू के नेतृत्व में सत्ता के लगभग 50 वर्षों के सफर में भारत वर्ष को दुनिया के सामने एक ताकतवर शक्ति के रूप में खड़ा करने का काम किया है।

इस अवसर पर महामंत्री नवीन जोशी गोदावरी थापली, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, महामंत्री राजेन्द्र शाह, प्रवक्ता सुनीता प्रकाश, राजेश चमोली, मोहन काला, आशीष नौटियाल, सुलेमान अली, आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, गुल मोहम्मद, दिनेश व्यास ललित भद्री, उदयवीर पंवार, अनुराधा तिवारी सविता थापा सुदेश, अर्जुन पासी आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ साकेती/सत्यवान/रामानुज

   

सम्बंधित खबर