रांची से भटकर रामगढ़ पहुंची बोकारो की युवती को 48 घंटे बाद परिजन ले गए घर

पलामू, 27 मई (हि.स.)। रांची से भटकर रामगढ़ पहुंची बोकारो की युवती निशा कुमारी महतो पिता गणेश प्रसाद महतो को 48 घंटे बाद सोमवार को उसके परिजन घर ले गए। रामगढ़ के मुखिया उमाशंकर प्रसाद और भाजपा मंडल अध्यक्ष शंभू राम युवती से जरूरी जानकारी लेकर उसके परिजनों से संपर्क कर रहे थे और बातचीत के बाद रामगढ़ आने को तैयार किये। इस क्रम में दो दिनों तक युवती रामगढ़ बाजार निवासी परशुराम ठाकुर के घर पर रही।

रामगढ़ से जाने के दौरान युवती और उसके चाचा प्रकाश कुमार महतो से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कही कोई परेशानी नहीं हुई। अपनी बेटी की तरह निशा का ख्याल रखा गया। उन्होंने कहा कि जवान लड़की अनजान जगह रहती है तो चिंता होती है, लेकिन निशा ने जो जानकारी दी उसे लगा कि कहीं कोई समस्या नहीं आई।

बताते चलें कि रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन से बोकारो जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई निशा नामक युवती भटकर डालटनगंज रेलवे स्टेशन पहुंच गयी थी। फिर उसे रांची रामगढ जाना था, लेकिन केवल रामगढ जाने की बात कहने पर वाहन से उसे पलामू जिले के रामगढ पहुंचा दिया गया। रामगढ़ बाजार पहुंचकर युवती इधर उधर भटक रही थी कि इसकी जानकारी रामगढ़ में मुखिया उमाशंकर प्रसाद और भाजपा मंडल अध्यक्ष शंभू राम को मिली। युवती से जरूरी जानकारी लेकर उसके परिजनों से संपर्क किया और उन्हें रामगढ़ बुलाया।

युवती निशा बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर की रहने वाली है। निशा रांची में जॉब करती है। शनिवार को निशा रांची से बोकारो जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थी, लेकिन डालटनगंज रुट की ट्रेन में बैठ जाने के कारण डालटनगंज पहुंच गई थी। निशा की शादी 19 जून को होने वाली है।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर