करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत, दो घायल

बाराबंकी, 28 मई(हि.स.)। हाई टेंशन लाइन की चपेट में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर एक की हालत नाजुक होने के चलते उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

थाना रामनगर अंतर्गत ग्राम बिठौरा निवासी आशीष सिंह की मिक्सर मशीन मंगलवार को ग्राम सीहामऊ में मनोज धीमान के निर्माणाधीन मकान में छत डालने के लिए गई थी। छत डालने के बाद मजदूरों द्वारा मिक्सर मशीन में लगे चैनल के निकालते वक्त छत के ऊपर से निकली हाई टेंशन विद्युत लाइन के तारों में छू जाने के चलते करंट से मजदूर लच्छीराम(40) पुत्र आशाराम जितेंद्र(24) पुत्र ब्रजेश निवासी बिठौरा व मिस्त्री विश्वनाथ पुत्र राम सजीवन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

आनन-फानन में घायलों को इलाज हेतु सीएचसी रामनगर लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने लच्छीराम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र का प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तीसरे घायल विश्वनाथ मिस्त्री का इलाज प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा है।

घटना की सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नेश पांडेय ने जांच करने के बाद मृतक के शव को पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक परिवार में अकेला कमाने वाला व्यक्ति था।

हिदुस्थान समाचार/पंकज/राजेश

   

सम्बंधित खबर