झारखंड की सभी 14 सीटें जीतेगा एनडीए : लक्ष्मीकांत वाजपेयी

रांची, 30 मई (हि.स.) । लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के लिए प्रचार समाप्त होने से पहले भाजपा के झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने गुरुवार को राजधानी रांची के तमाड़ स्थित प्रसिद्ध दिउड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों की जीत होगी।

वाजपेयी ने दिउड़ी मंदिर में मत्था टेका और मां का आशीर्वाद लिया। उन्होंने झारखंड की सभी सीटों पर भाजपा की जीत के लिए मन्नत भी मांगी। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि झारखंड में भाजपा 14 सीटें जीतने जा रही है। मोदी सरकार के जनहित में किये गए काम और झारखंड सरकार के भ्रष्टाचार के बारे में जनता को बताकर हमने वोट मांगा है।

उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन की ओर से यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि झारखंड में आदिवासियों ने भाजपा से दूरी बना ली है। इस पर करारा प्रहार करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके गैंग के लोग ही उनके साथ रह गए हैं। उन्होंने कहा कि शेष झारखंड के आदिवासी बहुत ही सरल और देशभक्त हैं। वे सभी लोग भाजपा के साथ हैं। मोदी सरकार के साथ देश निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने के लिए वे भाजपा के साथ हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झामुमो और उनके साथियों का झूठा प्रचार नहीं चलने वाला है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा का चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहा है। देश के लोग जानते हैं कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक बिना किसी भेदभाव के अगर देश का कोई विकास कर सकता है तो वो हैं नरेन्द्र मोदी। देश की जनता यह भी जानती है कि अगर देश किसी एक व्यक्ति के हाथों में सुरक्षित रह सकता है, तो वो हैं प्रधानमंत्री मोदी। वाजपेयी ने कहा कि झारखंड में आगामी विधानसभा का चुनाव एक रणनीति के तहत लड़ा जाएगा और एक बार फिर झारखंड में डबल इंजन की सरकार बनेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/वंदना/दधिबल

   

सम्बंधित खबर