हरियाणा:सिंचाई विभाग ने नहरों की निगरानी बढ़ाई

पंप हाउस की सफाई का अभियान शुरू

चंडीगढ़, 1 जून (हि.स.)। हरियाणा व दिल्ली के बीच पेयजल को लेकर छिड़ी जंग के बीच हरियाणावासियों को पानी की आपूर्ति सुचारू बनाने के लिए सिंचाई विभाग अलर्ट हो गया है। नहरों से जलापूर्ति वाले क्षेत्रों में निर्बाध सप्लाई को लेकर सिंचाई विभाग की ओर से नहरों पर निगरानी बढ़ाई गई है, साथ ही पंप हाउस को साफ करने की कवायद शुरू कर दी गई है।

प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्र में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। लिहाजा इन क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित न हो, इसको लेकर सिंचाई विभाग अलर्ट मोड में है। सिंचाई विभाग के लिफ्ट सिंचाई यूनिट के मुख्य अभियंता विजेंद्र सिंह नारा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी कर कहा है कि पंप हाउस के आसपास झुंडे, सरकंडे, सुखी घास और झाड़िय़ों को तुरंत हटाया जाए, क्योंकि गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाएं बढ़ऩे की आशंका रहती है, जिन्हें रोकने के लिए पंप हाउस की सफाई अनिवार्य है।

बृजेंद्र नारा ने बताया कि राज्य में प्रत्येक जिले में टेल तक पानी पहुंचाया जा रहा है। हरियाणा में जल संसाधनों और पानी की असमानता के चलते मई-जून में पानी की कमी झेलनी पड़ती है। सिंचाई विभाग की ओर से जुलाई-सितंबर में बारिश से पानी की उपलब्धता बढ़ऩे और बाढ़ की आशंका के चलते सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। नांगल चौधरी एवं लोहारू क्षेत्र में नहरों में निरंतर पानी चल रहा है।

बिजेंद्र नारा ने बताया कि प्रदेश में जलस्रोतों को बढ़ाने के साथ जल प्रबंधन पर भी काम किया जा रहा है। दक्षिण हरियाणा में भूजल स्तर बढ़ाने पर फोकस है। इसके साथ ही भूजल स्तर के अतिदोहन को रोकने को लेकर भी योजना तैयार की जा रही है। सिंचाई प्रणाली के रखरखाव में सुधार, पानी का उचित वितरण, आउटलेट का सही स्थान, अनधिकृत सिंचाई के खतरे पर अंकुश, प्राकृतिक जल निकासी की स्थिति में सुधार, नहरों और पंप हाउसों की स्थिति सुधार के जरिये दक्षिणी हरियाणा के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाया जा रहा है। इसके साथ ही जल निकासी व्यवस्था को भी सुधारा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/दधिबल

   

सम्बंधित खबर