मिट्टी खोदने को लेकर हुए विवाद में चली गोली, एक घायल

फोटोफोटोफोटोफोटोफोटोफोटो

- पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की

औरैया, 01 जून (हि.स.)। फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत मिट्टी खोदने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने तमंचा से फायर कर दिया, जिससे एक युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घटनास्थल से घायल व उसके पक्ष से तीन और विपक्ष के दो व्यक्तियों को थाने ले गई और कार्रवाई शुरू कर दी है।

फफूंद के हजीयापुर निवासी घायल युवक सुमित कुमार के पिता पृथ्वी सिंह ने थाने में बताया कि शनिवार को संत कुमार पुत्र कुंज बिहारी, कुंज बिहारी पुत्र मेवाराम, कपिल कुमार आये और मेरे घर के सामने स्थित खेत से मिट्टी खोदने लगे। संत कुमार अपने हाथ में तमंचा लिए था। मिट्टी खोदने से मना करने पर संत कुमार ने बिना कारण फायर कर दिया। जिससे मेरे पुत्र सुमित कुमार के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। उन्होंने बताया कि आरोपी संत कुमार का पहले से इरादा ठीक नहीं था इसलिए उसने प्राण घातक हमला किया है। घायल के चाचा राम मनोहर ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव हजीयापुर और सियापुर मिले हुए गांव हैं। मात्र एक सड़क दोनों गांव के बीच है।

सूचना पर पुलिस पहुंची और विपक्षी संत कुमार निवासी गांव सियापुर व उसके एक साथी अजय कुमार पुत्र महेंद्र सिंह तथा पीड़ित पक्ष के घायल युवक सुमित कुमार, जितेंद्र सिंह पुत्र गजराज सिंह, दिग्विजय सिंह पुत्र विजय सिंह, सुरेन्द्र सिंह पुत्र जागेश्वर दयाल निवासी गांव हजीयापुर को घटनास्थल से पकड़कर थाने ले आई।

सीओ अजीतमल व थानाध्यक्ष हमलावार युवक को साथ लेकर घटनास्थल पर जांच पड़ताल करने के लिए गए है। वहीं मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष कैसे आपस में लड़ रहे हैं और फायर जैसी आवाज भी सुनाई दे रही है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी घटना की तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी। घटना की सूचना पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनील /मोहित

   

सम्बंधित खबर