मुझ पर 14 मुकदमे दर्ज, जब कांग्रेस की सरकार थी तो मुझे गिरफ्तार क्यों नहीं किया : दिलावर

जयपुर, 1 जून (हि.स.)। जयपुर में शनिवार सुबह शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मेरे खिलाफ 14 मुकदमे दर्ज हैं। उसमें से एक मुकदमा कांग्रेस ने यह भी किया है कि मैंने उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हत्या कर दी। अब गोविंद सिंह डोटासरा बताएं कि मैंने खड़गे की हत्या कहां की। मेरे से उनकी सरकार ने हथियार बरामद क्यों नहीं किए। उनकी सरकार ने एक मुकदमा मुझ पर राष्ट्रद्रोह का भी दर्ज करवाया था। इसके बाद भी न जाने क्यों मुझे गिरफ्तार नहीं किया गया। वैसे हकीकत में पूर्व कांग्रेस सरकार बहुत पंगु, मक्कार और नाकारा सरकार थी। जो राष्ट्रद्रोह करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार तक नहीं कर सकी।

उन्होंने कहा कि पहले तो उनकी सरकार थी। तब मुझे उनकी सरकार ने गिरफ्तार क्यों नहीं किया। मुझे पता है, ये लोग मेरे से डरते हैं। इसलिए गिरफ्तार नहीं करते थे। मैं बहुत खूंखार हूं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की हत्या भी कर सकता हूं। ऐसा वो मानते हैं। मदन दिलावर शनिवार सुबह चांदपोल श्मशान घाट पर पौधे लगाने के कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। दिलावर ने कहा कि राजस्थान में बढ़ती गर्मी और हीटवेव कांग्रेस के कुकर्मों का परिणाम है। अगर यह लोग पांच साल तक जंगल नहीं काटने देते। पेड़ लगाने वालों को प्रोत्साहित करते। बड़ी-बड़ी रिश्वत लेकर वन विभाग को उजड़ने नहीं देते। जैसे डोटासरा ने पेपर बेचकर धन कमाया है। इस तरह इन लोगों ने जंगलों को काटकर मानवता के लिए खतरा पैदा कर दिया है। मेरा मानना है कि मानवता के लिए खतरा पैदा करने वाले से बड़ा दुष्ट कोई नहीं सकता। कांग्रेसी इस प्रवृत्ति के हैं।

दिलावर ने कहा कि राजस्थान में रक्षक ही भक्षक बन गए थे। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पेड़-पौधों और जंगलों में कुल्हाड़ियां चलवाई। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था। उन दोनों की वजह से राजस्थान का काफी नुकसान हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर