यमुनानगर: यमुना नहर में डूबे युवक का शव पांच दिन बाद मिला

पोस्टमार्टम गृह पर हंगामा करते परिजन

-दोस्तों पर परिजन ने लगाया मौत में हाथ होने का आरोप

-पोस्टमार्टम गृह पर मृतक पक्ष के लोगों ने किया हंगामा

यमुनानगर, 2जून (हि.स.)। 28 मई को खुर्दी के पास पश्चिमी यमुना नहर में डूबे 19 वर्षीय सोएब का शव रविवार को मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौप दिया। परिजन ने सोएब की मौत के लिए उसके दोस्तो के हाथ होने का आरोप लगाया और पोस्टमार्टम गृह पर भी परिजन ने हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया।

मूल रूप उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गांव दौलतपुर निवासी इंतजार यहां गांव दूधला में डेयरी पर कार्य करता है। वह अपने बच्चों, भाई व पत्नी के साथ यही पर रहता है। उसका भाई सोएब 28 मई को घर से कही गया था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। उसके दोस्तों मोहम्मद रियाज व मोहम्मद सामी से बात की तो उन्होंने बताया कि सोएब औरंगाबाद पुल के नीचे मिला था। वहां से वह बिना बताए कही चला गया। जब दो दिन तक उसका कोई पता नहीं लगा तो सदर यमुनानगर थाना पुलिस को शिकायत देकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।परिजन का आरोप है कि सोएब के दोस्तों का ही उसकी मौत में हाथ है। उन्होंने सही जानकारी नहीं दी। इस बात को लेकर पोस्टमार्टम गृह के बाहर दोनों पक्षों की बहस भी हुई।

सदर यमुनानगर थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि युवक का शव बरामद कर लिया गया। मृतक के परिजन को समझा दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जिसके आधार पर ही आगामी कार्रवाई होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/अवतार/संजीव

   

सम्बंधित खबर