कुरुक्षेत्र में प्रेमी ने महिला की गला दबाकर की हत्या

कुरुक्षेत्र, 2 जून (हि.स.)। कुरुक्षेत्र के गांव बहादुरपुरा में एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका तीन बच्चों की मां थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पति की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

थाना सदर थानेसर में दी शिकायत में बहादुरपुरा निवासी खेमकरण ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है। उसी के गांव का रामबीर करीब डेढ़ साल से उसकी पत्नी सावित्री (38) के सम्पर्क में था। वह उसे जान से मारने की धमकी देता था। शनिवार रात वह अपनी पत्नी सावित्री के साथ अलग अलग चारपाई पर कम्युनिटी सेंटर के आंगन में सो रहे थे। उसके दोनों लड़के कम्युनिटी सेंटर मे बने कमरे में सो रहे थे।

उसने बताया कि रात करीब 12.30 बजे रामबीर अपने साथी के आया और उसके दोनों बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से लगाकर अंदर बंद कर दिया। इसके बाद रामबीर उसके साथ मारपीट करने लगा। इससे वह डरकर छिप गया। उसके बाद रामबीर और उसका साथी उसकी पत्नी सावित्री को जबरदस्ती उठाकर कम्युनिटी सेंटर के पार्क में ले गए। कुछ देर बाद वह पार्क में गया तो उसकी पत्नी सावित्री बेहोश पड़ी थी। वह अपनी पत्नी को लेकर अस्पताल पहुंचा लेकिन डॉक्टरों ने उसकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया।

खेमकरण ने बताया कि आरोपित रामबीर उसकी पत्नी सावित्री को बहला-फुसलाकर कर शादी की नीयत से मोहाली पंजाब ले गया था। उसने उसकी पत्नी को जबरदस्ती 14 महीने तक अपने पास रखा। किसी तरह उसकी पत्नी उसके चंगुल से छूटकर उसके पास आ गई थी। उसके बाद से आरोपित उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी रामबीर और उसके साथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

   

सम्बंधित खबर