पानी के लिए जवाहर नगर के लोगों ने किया प्रदर्शन

हल्द्वानी, 03 जून (हि.स.)। भीषण गर्मी में शहर के विभिन्न हिस्सों में पेयजल की समस्या दूर होने का नाम नहीं ले रही है। लंबे समय से पेयजल का संकट झेल रहे जवाहर नगर के क्षेत्रवासियों का धैर्य सोमवार को जवाब दे गया। आक्रोशित क्षेत्रवासी सुबह निवर्तमान पार्षद महेश चंद्र के नेतृत्व में जल संस्थान कार्यालय जा धमके और जोरदार प्रदर्शन किया।

यहां अधिशासी अभियंता के नहीं मिलने पर लोगों का गुस्सा और अधिक भड़क गया। लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि जवाहर नगर सहित टनकपुर रोड, गौलागेट, खान का बगीचा, वारसी कॉलोनी में महीनों से पेयजल का संकट बना है। लोग बूंद-बूंद को तरस गए हैं। कई बार शिकायत के बावजूद पेयजल महकमे के अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेग रही। समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर