नीतीश और चंद्रबाबू किसी के नहीं: कांग्रेस अध्यक्ष

गुवाहाटी, 04 जून (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने कहा है कि अभी भी यह दावे के साथ नहीं कहा जा सकता है कि चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार भाजपा गठबंधन के साथ रहेंगे ही। उन्होंने कहा कि आज नहीं तो एक महीने, एक साल में भी यह दोनों ही पार्टियों टूट कर इस तरफ आ सकती हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बोरा आज चुनाव परिणाम के संदर्भ में मीडिया के सामने अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि असम में न सिर्फ कांग्रेस को मिलने वाली सीटों में बढ़ोतरी हुई है, बल्कि कांग्रेस का वोट काफी अधिक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा द्वारा जोरहाट में पूरी ताकत लगा देने के बावजूद गौरव गोगोई को जनता ने चुनाव जीता दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने घोषणा की थी कि यदि गौरव गोगोई जोरहाट से चुनाव हार जाते हैं तो वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ देंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह शुरू से ही कहते आए हैं कि भाजपा और एआईयूडीएफ की मिलीभगत है। बदरुद्दीन अजमल को चुनाव जीताने के लिए मुख्यमंत्री ने जितनी ताकत लगाई, लेकिन जनता ने संप्रदायिक राजनीति को नकार दिया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवारों को आपस में समेटा नहीं जा सका, नहीं तो डिब्रूगढ़, शोणितपुर, बरपेटा समेत अन्य कई सीटों पर भी भाजपा चुनाव हार सकती थी। उन्होंने कहा कि असम की जनता शेर है। शेर जग गया है। अब संप्रदायिक राजनीति की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने आज मीडिया से बातचीत करते हुए इस संदर्भ में और भी कई बातें कहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर