मोदी विरोधियों को जनता ने सत्ता से दूर रखा: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

मुंबई, 04 जून (हि. स.)। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को ठाणे में कहा कि देश की जनता ने मोदी विरोधियों को सत्ता से दूर रखा है। देश की जनता ने इस लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत एनडीए गठबंधन को स्पष्ट बहुमत दिया है और नरेन्द्र मोदी तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। सीएम शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा नीत एनडीए गठबंधन को कम सीटें मिली हैं, इसकी छानबीन बाद में की जाएगी।

सीएम शिंदे ने कहा कि एनडीए गठबंधन विकास के नाम पर चुनाव लड़ा था लेकिन महाविकास आघाड़ी के लोग राज्य में संविधान बदलने का दुष्प्रचार कर रहे थे। यह समझाने में हम कम पड़े, इसके आगे इस मुद्दे पर ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही एनडीए गठबंधन कई सीटों पर बहुत कम अंतर से हारा है। इसका एक कारण उम्मीदवार का चुनाव करते समय देरी हुई थी। इसके अलावा और भी कारण हैं, जिसकी छानबीन बाद में की जाएगी।

सीएम शिंदे ने कहा कि ठाणे और कल्याण दोनों सीटें एनडीए गठबंधन ने जीती हैं। इसके साथ कई अन्य सीटों पर विजय मिली है। उनकी पार्टी हमेशा नरेन्द्र मोदी के साथ मिलकर राज्य के विकास में योगदान करती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/दधिबल

   

सम्बंधित खबर