गुडग़ांव से 75079 वोटों से जीते भाजपा प्रत्याशी इंद्रजीत सिंह

-लगातार पांचवी बार दर्ज की है जीत

-2014 में कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे इंद्रजीत

गुरुग्राम, 4 जून (हि.स.)। अहीरवाल के कद्दावर नेता राव इंद्रजीत सिंह ने लोकसभा चुनाव में लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की है। उन्होंने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी राज बब्बर को 75079 वोटों से हराया। पहले की तुलना में इस बार उनकी जीत का अंतर काफी कम रह गया, जबकि दावा उन्होंने पहले से अधिक वोटों से जीतने का किया था।

रेवाड़ी जिला में रामपुरा हाउस का गुडग़ांव लोकसभा क्षेत्र की राजनीति में पूरा दबदबा रहा है। मंगलवार को लोकसभा चुनावों की मतगणना में इंद्रजीत सिंह की जीत की तरफ बढ़त होने के साथ ही कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ता चला गया था। सुबह भले ही वे पिछड़े हों, लेकिन दोपहर बाद वे बढ़त बनाते चले गए। जैसे ही उन्होंने हार-जीत के अंतर का आंकड़ा 50 हजार वोटों के पार किया तो कार्यकर्ताओं का जीत के प्रति विश्वास गहरा हो गया। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में आतिशबाजी करनी शुरू कर दी। इस चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह ने 75079 वोटों से इंडिया गठबंधन प्रत्याशी राज बब्बर को हराया है। उनकी जीत होने के बाद भाजपा कार्यालय में भी खुशियां मनाई गई। जिला अध्यक्ष कमल यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाए। जीत के बाद गुडग़ांव लोकसभा के निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव की ओर से उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा गया।

अहीरवाल की राजनीति में बड़ा नाम राव इंद्रजीत सिंह जिस तरह से लगातार जीत दर्ज करते आ रहे हैं, उससे वे गुडग़ांव लोकसभा सीट से जीत की गारंटी बन गए हैं। कभी कांग्रेस पार्टी में सांसद बने राव इंद्रजीत ङ्क्षसह अब 2014 से भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव लडक़र सांसद बनते आ रहे हैं। राव इंद्रजीत को 2014 के लोकसभा चुनाव में 2 लाख 74 हजार 722 वोटों से जीत मिली थी। 2019 में उन्हें 8 लाख 81 हजार 546 वोट मिले। उनके सामने कांग्रेस के प्रत्याशी कैप्टन अजय यादव को 4 लाख 95 हजार 290 वोट मिले थे। हार-जीत का अंतर करीब आधे वोटों का था।

हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर