अगली तैयारी, हरियाणा की बारी, कांग्रेस की बनेगी सरकार हमारी: कुमारी सैलजा

सिरसा, 5 जून (हि.स.)। सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस (इंडिया गठबंधन) से नवर्निवाचित सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है। अब हमारी अगली तैयारी हरियाणा की बारी है। आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा कर खुद की सरकार बनाएगी। प्रदेश की जनता ने भी कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।

नवर्निवाचित सांसद कुमारी सैलजा ने बुधवार को यहां खुद की प्रचंड जीत के लिए संसदीय क्षेत्र की जनता, पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे शुक्रगुजार है कि उन्हें इतना प्यार, मान-सम्मान, सहयोग और समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि वे शुक्रगुजार हैं कि सिरसा सीट की जनता की, पार्टी और पार्टी हाईकमान की, कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की, जिन्होंने पार्टी की विचारधारा को जन जन तक पहुंचाने के लिए दिन रात एक किया। वे शुक्रगुजार हैं पार्टी नेतृत्व का खासकर मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी का, जिन्होंने उन्हें सिरसा सीट से चुनाव लड़ने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि वे शुक्रगुजार है प्रियंका गांधी का, जिन्होंने उनके लिए सिरसा में ऐतिहासिक रोड शो कर उनको शक्ति दी। सैलजा ने कहा है कि देश और प्रदेश की जनता भाजपा के झूठ से परेशान हो चुकी थी, भाजपा एक के बाद एक नया झूठ बोल रही थी, हर झूठ को छिपाने के लिए दस झूठ का सहारा लिया जाता था। उन्होंने कहा कि सिरसा और देश की जनता ने भाजपा के झूठ का जवाब वोट से चोट करके दिया, भाजपा को आइना भी दिखाया कि झूठ के पैर ज्यादा लंबे नहीं होते।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव नतीजे बदलाव का संकेत हैं। कांग्रेस हरियाणा की राजनीति में बदलाव लेकर आएगी, चार माह बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि अगली तैयारी, हरियाणा की बारी, कांग्रेस की बनेगी प्रदेश में सरकार हमारी। उन्होंने कहा कि उनकी जीत की इबारत लिखने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पूरा मान सम्मान दिया जाएगा और सदैव जनता, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की सदैव ऋणी रहूंगी।

हिन्दुस्थान समाचार/रमेश डावर/सुनील

   

सम्बंधित खबर