चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन फिर से शुरू, यात्रियों में खुशी की लहर

हरिद्वार, 01 जून (हि.स.)। चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन आज से एक बार फिर शुरू हो गये हैं। चारों धामों में अत्यधिक भीड़ होने के कारण, व्यवस्था न बनने और यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए 15 से 31 मई तक के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन बंद किये गये थे। आज जो रजिस्ट्रेशन यात्रियों को मिला है, वह तत्काल यात्रा करने का रजिस्ट्रेशन है। हरिद्वार पंजीकरण केंद्र को 1500 का स्लॉट अलॉट किये गये हैं। यानी कि हर धाम के लिए 1500 लोगों का रजिस्ट्रेशन हो सकेगा।

जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश यादव ने बताया कि जितने लोग रजिस्ट्रेशन कराने आएंगे, उनका प्रयास होगा कि सभी का रजिस्ट्रेशन हो जाए। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पुनः शुरू होने से यात्रियों में खुशी है और सुबह से ही बड़ी संख्या में यात्री रजिस्ट्रेशन कराने के लिए पंजीकरण केंद्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि यात्री प्रतीक्षा कर रहे हैं कि कब उनका नंबर आए और वह पंजीकरण प्राप्त कर चारधाम यात्रा के लिए रवाना हों।

सुरेश यादव ने बताया कि धामों में बहुत ज्यादा भीड़ हो गई थी, जिससे रजिस्ट्रेशन 15 से 31 मई तक बंद रहे। इसके बावजूद भी ऑफलाइन और राही पोर्टल से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया है, जितने राजस्व की लिस्ट बनती थी, उस हिसाब से रजिस्ट्रेशन किया जाता था। उन्होंने कहा कि आज पंजीकरण की जो व्यवस्था की गई है, वह तत्काल की है। यात्री अगर आज पंजीकरण करेंगे तो वो कल भी यात्रा पर जा सकते हैं।

दोबारा से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू होने पर यात्रियों ने खुशी जतायी। यात्रियों का कहना था कि यहां पर जितने भी यात्री तीर्थयात्रा करने के लिए आते हैं, उनका रजिस्ट्रेशन कराकर ही यात्रा के लिए भेजना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर