तृणमूल कार्यकर्ताओं ने रोकी सुकांत मजूमदार की कार, लगाए नारे

कोलकाता, 06 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव बीतने के बाद राजनीतिक हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार की कार को घेर कर हमले की कोशिश की है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार की कार को रोक लिया, जब वह उत्तर 24 परगना जिले के मिनाखा गांव जा रहे थे। मजूमदार कथित तौर पर तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए चुनाव के बाद की हिंसा से प्रभावित क्षेत्र की ओर जा रहे थे।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि चार जून के चुनाव परिणामों के बाद से हिंसा घटनाओं के बाद मजूमदार दौरे पर जा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल समर्थकों ने मजूमदार की कार को घेर लिया और ''जय बांग्ला'' के नारे लगाते हुए उसे रोक दिया। चुनाव के बाद क्षेत्र में भय पैदा करने का आरोप लगाते हुए मजूमदार ने कहा कि उनके दौरे का उद्देश्य हिंसा प्रभावित लोगों की सहायता करना था। उन्होंने कहा, मैं क्षेत्र के प्रभावित लोगों से मिलने आया हूं। आज रात मैं दिल्ली जा रहा हूं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात करूंगा और उनसे राज्य में केंद्रीय बलों की मौजूदगी की अवधि बढ़ाने का अनुरोध करूंगा। इसके अलावा, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस से अशांत क्षेत्रों का दौरा करने का आग्रह किया।

हाल ही में पश्चिम बंगाल में हुए चुनावों में भाजपा ने 12 सीटें हासिल कीं, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने 29 सीटें जीतीं। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर