जंगल के रास्ते गो वंश ले जाते एक तस्कर गिरफ्तार, तीन बाइक जब्त कर 27 गोवंश मुक्त करवाए

भरतपुर, 7 जून (हि.स.)। डीग जिले के पहाड़ी थाना इलाके में डीएसटी टीम ने गो तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक गो तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपित गाय पालने की आड़ में गो तस्करी कर रहा था। वह अपने साथियों के साथ जंगल के रास्ते गोवंश को हरियाणा लेकर जा रहा था। जैसे ही पुलिस को गो तस्करों के बारे में पता लगा तो टीम जंगल में पहुंचीं। इस दौरान पुलिस को देख गो तस्कर फरार हो गए, लेकिन एक गो तस्कर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

घटना शुक्रवार दोपहर डीएसटी के कांस्टेबल प्रभु फौजी के इनपुट पर हुई। मूंगस्का गांव का रहने वाला रणजीत उर्फ़ सलीम गोवंश पालने की आड़ में गो तस्करी कर रहा था। आज वह करीब 27 गायों को मूंगस्का के जंगलों के रास्ते हरियाणा लेकर जा रहा था। इसके बारे में डीएसटी कॉन्स्टेबल प्रभु फौजी को पता लगा और उन्होंने इसके बारे में डीएसटी टीम को बताया। इसके बाद डीएसटी टीम तुरंत मूंगस्का के जंगलों में पहुंची। जहां कुछ गो तस्कर बाइक पर बैठकर जंगल के रास्ते गोवंश को लेकर जा रहे थे। पुलिस को देख गो तस्कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर एक गौ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। शेष गो तस्कर भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने मौके से तीन बाइक जब्त की हैं। पुलिस गिरफ्तार हुए आरोपित रंजीत से पूछताछ कर रही है। सभी गोवंश को गो-शाला भिजवा दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर