पूसीरे में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया

International Yoga Day celebrated in NFR

गुवाहाटी, 21 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (पूसीरे) में स्वास्थ्य के वैश्विक उत्सव के रूप में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई-2024) आज मनाया गया। योग के महत्व और मानव स्वास्थ्य पर इसके प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए पूसीरे के मुख्यालय, सभी मंडलों और कारखानों में योगाभ्यास सत्र आयोजित किए गए। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2024 का विषय स्वयं और समाज के लिए योग है। यह विषय योगाभ्यास के दोहरे लाभ - व्यक्तिगत स्वास्थ्य में सुधार और बड़े पैमाने पर समाज में सुधार लाने पर जोर देता है। आंतरिक शांति एवं आत्म-देखभाल एक खुशहाल और स्वस्थ अस्तित्व की आधारशिला है, को यह विषय मान्यता देता हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 का अंतरराष्ट्रीय योग दिवस इस आयोजन की 10वीं वर्षगांठ है।

पूसीरे मुख्यालय में, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम रेलवे इंडोर स्टेडियम, मालीगांव में स्वयं और समाज के लिए योग विषय पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी मौजूद थे, जहां रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने परिवार जनों के साथ पूरे मन से “आसन” क्रिया में हिस्सा लिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2024 को पूसीरे के सभी पांच मंडलों में भी मनाया गया, जिसमें हजारों रेल कर्मचारियों और उनके परिवार जनों ने भाग लिया। 21 जून उत्तरी गोलार्ध का सबसे लंबा दिन है। यह विकास, वृद्धि और प्राकृतिक जगत एवं स्वयं के बीच पुनः संबंध स्थापित करने का प्रतीक है।

योग करने के लाभ के बारे में आम लोगों के बीच व्यापक जागरूकता उत्पन्न करने के लिए पूसीरे ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों का भी उपयोग किया।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर