कृषि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह: राज्यपाल 1569 विद्यार्थियों को प्रदान करेंगे उपाधियां

बीकानेर, 7 जून (हि.स.)। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय का 20 वां दीक्षांत समारोह 11 जून को विश्वविद्यालय परिसर स्थित विद्या मंडल सभागार में दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल कलराज मिश्र होंगे। विशिष्ट अतिथि कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा तथा स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो.बी.आर.छींपा एवं दीक्षांत अतिथि केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय इम्फाल के पूर्व कुलाधिपति व कृषि वैज्ञानिक चयन मंडल नई दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष पद्मभूषण प्रो.राम बदन सिंह होंगे। दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित विद्या मंडप सभागार में रिहर्सल की गई।

कुलपति डॉ अरुण कुमार ने बताया कि दीक्षांत समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति द्वारा कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत कृषि संकाय व सामुदायिक विज्ञान संकाय के स्नातक ( यूजी) 2022-23 एवं आईएबीएम, कृषि संकाय व सामुदायिक विज्ञान संकाय के स्नातकोत्तर (पीजी) व विद्या-वाचस्पति (पीएचडी) के 1 जुलाई 2022 से 31 दिसंबर 2023 तक पास हुए कुल 1569 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएंगी। समारोह में 20 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और तीन विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। साथ ही कृषि विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित संविधान पार्क, कृषि महाविद्यालय में भारत रत्न डॉ एम.एस.स्वामीनाथन छात्रावास, उच्च जलाशय व कृषि ज्ञान रथ का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा राज्यपाल कृषि विश्वविद्यालय की विभिन्न इकाइयों द्वारा प्रकाशित दो पुस्तकों ''कृषि व्यवसाय- प्रबंधकीय परिप्रेक्ष्य में'' व ''बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के सिद्धांतों पर पाठ्य पुस्तक'' का विमोचन करेगे। समारोह में राज्यपाल द्वारा प्रो.आऱ.बी.सिंह व प्रो.बी.आर.छींपा को डॉक्टरेट ऑफ साइंस की मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/संदीप

   

सम्बंधित खबर