हिसार: हरियाणा में पंजाबी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए किए जाएंगे विशेष प्रयास: सुखसागर सिंह

हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के जिला कार्यालय में हुई बैठक में लिया फैसला

पंजाबी की बढ़ावा देने वाली दिल्ली की संस्था के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक

हिसार, 8 जून (हि.स.)। पंजाबी भाषा को बढ़ावा देने वाली दिल्ली की संस्था ने हरियाणा में पंजाबी भाषा बारे आ रही समस्याओं व उसके प्रचार, प्रसार, सिखाने व पढ़ाने पर विचार-विमर्श किया है। इस संबंध में संस्था के पदाधिकारी सरदार परमजीत सिंह व सरदार भूपेन्द्र सिंह शनिवार को हिसार पहुंचे और उन्होंने हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मैंबर जत्थेदार सरदार सुखसागर से उनके कार्यालय में भेंट की।

संस्था ने कहा कि हरियाणा में पंजाबी भाषा बढ़ावा देने के लिए वे साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं और इसके लिए संस्था की ओर से पूरी मदद की जाएगी। स. सुखसागर ने भी इसमें अपना पूरा सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पंजाबी भाषा को काफी बच्चे व आमजन सीखना चाहते हैं लेकिन इसे सिखाने के लिए शिक्षकों का अभाव है। संस्था के साथ हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अपने स्तर पर हरियााणा में पंजाबी के प्रचार-प्रसार व उसे सिखाने का बीड़ा उठाएगी और इसके लिए पंजाबी शिक्षक उपलब्ध करवाकर फ्री में पंजाबी भाषा सिखाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाबी भाषा को हरियाणा सहित अन्य राज्यों में भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसे लेकर आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाएगी और जरूरी संसाधनों को जुटाया जाएगा।

सरदार सुखसागर ने कहा कि हरियाणा में पंजाबी भाषा का प्रयोग बहुत कम होता है। इसे बढ़ाने के लिए लोगों में इसके प्रति जागरुकता लाई जाएगी और इसे नि:शुल्क सिखाया जाए ताकि हरियाणा में पंजाबी भाषा को लोकप्रिय भाषा बन सके। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही सरकार से भी पंजाबी भाषा को अनिवार्य रूप से पाठ्यक्रम में शामिल करने, विशेष कक्षाएं लगाने व इसके लिए शिक्षकों की भर्ती करने की मांग करते हैं ताकि पंजाबी भाषा को हरियाणा में बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पंजाबी सिखाने के साथ-साथ गुरु ग्रंथ साहिब से भी जोड़ा जाएगा। बैठक में स. गुरपिन्द्र सिंह, स. सुखजीत सिंह, स. सतवंत सिंह, स. जसपाल सिंह आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर