गंगारामपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला

गंगारामपुर, 08 जून (हि.स.)। दक्षिण दिनाजपुर जिले में शुक्रवार रात के बाद शनिवार को भी दिनदहाड़े भाजपा कार्यकर्ताओं के घर और दुकानों में तोड़फोड़ की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई की गई। आरोप तृणमूल आश्रय प्राप्त अपराधियों पर लगाए जा रहे हैं। घटना दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर थाना नयाबाजार इलाके की है।

मामले की जानकारी होने पर शनिवार दोपहर भाजपा जिलाध्यक्ष स्वरूप चौधरी, तपन भाजपा विधायक बुधराय टुडू, जिला भाजपा महासचिव गौतम राय समेत अन्य भाजपा नेता इलाके में पहुंचे।

दरअसल, इस साल के लोकसभा चुनाव में बालुरघाट सीट से भाजपा उम्मीदवार सुकांत मजूमदार ने जीत हासिल की है। गंगारामपुर विधानसभा में भी भाजपा को बढ़त मिली है। कथित तौर पर नतीजों के तुरंत बाद भाजपा को वोट देने के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की गई। दो दिन पहले भी गंगारामपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की दुकान में तोड़फोड़ की गयी थी।

भाजपा की ओर से गंगारामपुर थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है। भाजपा के जिला नेताओं ने प्रभावित भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों का दौरा किया। इस संबंध में दक्षिण दिनाजपुर जिला पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद पूरी घटना की जांच करने का आश्वासन दिया है।

उधर, तृणमूल ने घटना से इनकार किया है। जिला उपाध्यक्ष सुभाष चाकी ने कहा कि पारिवारिक विवाद के कारण ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। भाजपा झूठे आरोप लगा रही है। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर