ममता के खिलाफ मानहानि का मुकदमा कर सकते हैं राज्यपाल बोस

कोलकाता, 29 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉक्टर सी.वी. आनंद बोस मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने की तैयारी में हैं। राजभवन के सूत्रों ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय में एक प्रशासनिक बैठक के दौरान राज्यपाल डॉक्टर सी.वी. आनंद बोस के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा था कि राजभवन में दुष्टू लोग बैठे हैं। उन्होंने कहा था कि राजभवन में महिलाएं जाने से डरती हैं। ममता का बयान लोकसभा चुनाव के समय राजभवन में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी की ओर से राज्यपाल पर आरोप लगाए यौन उत्पीड़न के संदर्भ में आया था। इसके बाद शुक्रवार को राजभवन की ओर से इस बारे में तीखी प्रतिक्रिया दी गई।

राज्यपाल ने अपने एक बयान में कहा था कि वह कचरे की बातों का कोई महत्व नहीं देते। इसके बाद अब राजभवन के सूत्रों ने बताया है कि राज्यपाल फिलहाल दिल्ली में हैं और कोलकाता वापस लौटने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के इस बयान के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने के संकेत दिए हैं। इसके लिए दिल्ली में सॉलिसिटर जनरल से बात भी चल रही है। कलकत्ता हाई कोर्ट में मुकदमा दाखिल कराया जा सकता है। बहरहाल इस बारे में आधिकारिक पुष्टि तो नहीं हुई है लेकिन सूत्रों ने ये भी बताया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान का वीडियो संग्रह किया गया है और बिना आधार राज्य की प्रशासनिक प्रमुख की ओर से इस तरह की बातें लगातार किए जाने को लेकर न्यायालय का रुख करने का मन बनाया गया है।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के पहले से ही राजभवन और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच रिश्ते तल्ख बने हुए हैं। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर