मुंबई ब्लास्ट के दोषी की कलंबा जेल में हत्या के मामले में 5 कैदी गिरफ्तार

मुंबई, 08 जून (हि. स.)। कोल्हापुर के कलंबा जेल में 1993 के मुंबई बम ब्लास्ट के दोषी की हत्या मामले में जूना राजवाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम ने 5 कैदियों को गिरफ्तार किया है। इन पांचों से पुलिस गहन छानबीन कर रही है।

2 जून को कोल्हापुर के कलंबा जेल में 1993 के बम ब्लास्ट के सजायाफ्ता कैदी मुन्ना खान उर्फ मनोज कुमार भवरलाल गुप्ता की पांच कैदियों ने मामूली विवाद के बाद हत्या कर दी थी। जूना राजवाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम ने छानबीन के बाद प्रतीक उर्फ पिल्या पाटिल, दीपक खोत, संदीप चव्हाण, ऋतुराज इनामदार और सौरभ के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया था।

शनिवार को जूना राजवाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर इन सभी कैदियों को जेल से गिरफ्तार किया है और इन सबसे पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि इन कैदियों को पुलिस कल कोर्ट में पेश कर के इनकी कस्टडी लेने वाली है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/दधिबल

   

सम्बंधित खबर