मुख्यमंत्री राहत कोष से मरीजों को मिल रहा जीवनदान : नन्दी

-नन्दी की पहल पर 39 लोगों को ईलाज के लिए मिला 86 लाख 60 हजार की धनराशि

प्रयागराज, 08 जून (हि.स.)। सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' की पहल पर मई माह में गम्भीर बीमारियों के शिकार 39 मरीजों को ईलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद दिलवाया गया। गम्भीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को ईलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 86 लाख, 60 हजार 300 रूपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। जिसकी मदद से कई लोगों को जीवनदान मिला।

नन्दी के पहल पर प्रत्येक महीने प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के साथ ही अन्य विधानसभा क्षेत्र व जनपदों के गम्भीर रूप से बीमार लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोग भी बेहतर से बेहतर ईलाज करा सकें और अपना जीवन बचा सकें।

मंत्री नन्दी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 करोड़ प्रदेशवासियों को अपना परिवार मानते हैं और हर मुश्किल समय में लोगों के साथ खड़े रहते हैं। असाध्य एवं गम्भीर रोगों से ग्रसित व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को ईलाज कराने के लिए भटकना व परेशान न होना पड़े इसके लिए मुख्यमंत्री योगी ने सरकारी खजाना खोल रखा है। मुख्यमंत्री राहत कोष से प्राप्त धनराशि गम्भीर रूप से बीमार लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। पीड़ितों तक सहायता उपलब्ध कराने में तनिक भी देरी नहीं की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मई में गम्भीर बीमारियों से पीड़ित 39 मरीजों को ईलाज के लिए 86 लाख 60 हजार 300 रूपए की धनराशि आर्थिक सहायता के रूप में उपलब्ध कराई गई। जिन लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई, उनमें अल्लापुर, राजापुर, नैनी, सदियापुर, मुट्ठीगंज, कीडगंज, करामत की चौकी, खुल्दाबाद, पानदरीबा, बेगमसराय, बैरहाना, बलुआघाट, मेजा खास, ऊंचामण्डी, धूमनगंज, करैली, गऊघाट, महेवा, बहादुरगंज, सलोरी, करैलाबाग के साथ ही सीतापुर, लखनऊ के लोग शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/राजेश

   

सम्बंधित खबर