हिसार: भाजपा को लंबे समय तक भुगतना होगा खट्टर की कार्यप्रणाली का खामियाजा: मनोज राठी

हरियाणा में हालत खराब देखकर भाजपा हाईकमान ने खट्टर को सीएम पद से हटाया

हरियाणा में कांग्रेस का बहुमत से सत्ता में आना व कुमारी सैलजा का मुख्यमंत्री बनना तय

हिसार, 10 जून (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज राठी ने कहा कि हरियाणा के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का बंटाधार करेंगे। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल खट्टर की कार्यप्रणाली का खामियाजा भाजपा को लंबे समय तक भुगतना पड़ेगा। क्योंकि जनता अपने साथ हुई ज्यादतियों को भूलने वाली नहीं है। यह बात उन्होंने सोमवार को जारी बयान में कही।

पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को केन्द्रीय मंत्री परिषद में लेने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मनोज राठी ने कहा कि उनके नेतृत्व में हरियाणा हर क्षेत्र में गर्त में चला गया। प्रदेश पर हजारों करोड़ का कर्ज चढ़ गया, पोर्टल-पोर्टल के खेल में जनता को परेशान किया गया, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, आंगनवाड़ी व आशा वर्करों सहित आम जनता को हर समय प्रताड़ित करने के सिवाय मनोहर लाल ने अपने शासनकाल में कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा हाईकमान को आभास हो गया था कि यदि मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा में लोकसभा व विधानसभा के चुनाव हुए तो वो ही पुरानी दो-तीन सीट वाले हालत पैदा हो सकते हैं। ऐसे में हाईकमान ने ऐन मौके पर मनोहर लाल को हटाकर नायब सिंह सैनी को प्रदेश का सीएम बना दिया। इसके बावजूद भी मनोहर लाल सुपर सीएम बनकर बैठ गए और नायब सिंह सैनी को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दे रहे, जिसका खामियाजा भाजपा ने लोकसभा चुनाव में पांच सीटें गंवाकर भुगत लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर