भाजपा ने बृजमोहन अग्रवाल को किया अनदेखा, उनको समझ आ गया : पूर्व मंत्री शिव डहरिया

रायपुर, 10 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ से तोखन साहू को केंद्रीय राज्य मंत्री का दर्जा मिलने के बाद सियासत तेज हो गई है। इस मामले में पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने सोमवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा कि छत्तीसगढ़ से कम से कम दो से तीन मंत्री बनाना चाहिए था। केंद्रीय मंत्री नहीं बनाने पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के भविष्य पर डहरिया ने कहा कि अपनी भूमिका के बारे में बृजमोहन अग्रवाल को सोचना चाहिए। भाजपा ने अब उनको अनदेखा करना शुरू कर दिया है। यह बृजमोहन अग्रवाल को समझ आ गया है। उनका भविष्य भाजपा तय करेगी।

विधायक मोतीलाल साहू के साहू समाज का सम्मान नहीं किए जाने वाले बयान पर पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने कहा, कांग्रेस सभी समाज को लेकर चलती है। समाज से जुड़े व्यक्तियों का पूरा सम्मान करती है। साहू समाज के व्यक्ति को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। कांग्रेस में विधानसभा और लोकसभा चुनाव में साहू समाज को भी पर्याप्त महत्व दिया गया था। सभी जगहों में प्रतिनिधत्व करने का मौका कांग्रेस देती है।

जातिगत समीकरण को लेकर भाजपा काम कर रही, इस मामले में डहरिया ने कहा, सोशल इंजीनियरिंग का काम भाजपा कर रही है। भाजपा ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति को दरकिनार किया है। आरक्षण खत्म करने की राजनीति भाजपा कर रही है। अगर उसमें नहीं संभले तो भाजपा को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल/केशव

   

सम्बंधित खबर